दसईं करमा देखने घर से निकले बाइक सवार दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में मौत…

सरगुजा//छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में गुरुवार रात नेशनल हाईवे-130 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भाई दसईं करमा देखने के लिए घर से निकले थे। हादसा अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर हुआ।

घटना उदयपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, घाटबर्रा निवासी मन्ना राम मझवार (21) और धन्ना राम मझवार (22) सगे भाई थे। दोनों बीती रात बाइक से डांडगांव में दसईं करमा देखने जाने की बात कहकर घर से निकले थे।

रात करीब 8 से 9 बजे के बीच साल्ही मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों भाई उछलकर सड़क पर जा गिरे।

सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की मौत

हादसे में दोनों भाइयों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना डायल 112 की टीम को दी। टीम मौके पर पहुंची और दोनों की जांच की। मौत की पुष्टि होने के बाद शवों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी उदयपुर अस्पताल पहुंचे। शुक्रवार सुबह दोनों भाइयों के शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद घाटबर्रा गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस ने अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। वाहन की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे वाली जगह पर सड़क अच्छी है, इसलिए यहां वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। पुलिस नेशनल हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।

Chhattisgarh