
अंबिकापुर से कुनकुरी जा रही थी शमीम बस
जशपुर// जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरिया चौकी के ग्राम रनपुर में बुधवार सुबह तेज रफ्तार यात्री बस की टक्कर से बाइक सवार ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। अंबिकापुर से कुनकुरी की ओर जा रही शमीम यात्री बस ने बीच बस्ती में बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में 36 वर्षीय सुखसागर राम की जान चली गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालते हुए ग्रामीणों को समझाकर चक्काजाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया।

बीच बस्ती में हुआ हादसा
काम के सिलसिले में रनपुर आ रहा था बाइक सवार
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम ढोण्डराही निवासी सुखसागर राम, पिता रामनाथ के रूप में हुई है। वह ड्राइवर का काम करता था। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे सुखसागर मोटरसाइकिल से किसी काम के सिलसिले में रनपुर आ रहा था। इसी दौरान अंबिकापुर से कुनकुरी की ओर जा रही शमीम यात्री बस ने उसे टक्कर मार दी।
हादसा इतना गंभीर था कि सुखसागर को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

चक्काजाम खुलवाने का प्रयास जारी
ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलने पर नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के साथ ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस की मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जा रही थी।

