कोरबा// कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलकेजा के आश्रित ग्राम आमापाली में दशहरा पर्व के दौरान एक बुजुर्ग महिला की मौत से गांव में शोक फैल गया। बुधवार रात गांव में दशहरा कार्यक्रम चल रहा था।

परिजन रातभर रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गए थे
परिवार के सभी सदस्य रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गए हुए थे। इस दौरान घर में अकेली मौजूद 60 वर्षीय सहस बाई खड़िया ने फांसी लगा ली। गुरुवार सुबह परिजन घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई।

घर लौटे तो अंदर से बंद मिला दरवाजा
बताया गया कि बुधवार को गांव में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा था। रावण दहन और रातभर चलने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने के लिए गांव के लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। मृतका के परिजन भी वहीं गए थे और पूरी रात कार्यक्रम स्थल पर रुके रहे।
परिजनों के अनुसार, उन्होंने सहस बाई को भी अपने साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने जाने से इनकार कर दिया और घर पर अकेली रह गईं। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे जब परिजन कार्यक्रम देखकर घर लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं आया। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने घर का छज्जा तोड़कर अंदर झांका तो सहस बाई फंदे पर लटकी मिलीं।
इसके बाद परिजन छज्जा तोड़कर अंदर पहुंचे और दरवाजा खोला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी मौके पर जुट गए। दशहरा की खुशियों के बीच हुई इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

