गांव के कुएं में मिली लापता छात्रा की लाश… हत्या की आशंका पर फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की..एक संदेही हिरासत में, स्कूटी भी जब्त…

सरगुजा// सरगुजा जिले के मानपुर में रविवार शाम से लापता नाबालिग छात्रा का शव गांव के कुएं में मिला है। छात्रा की चप्पलें कुएं से करीब 65 फुट दूर में पड़ी मिली हैं। खेत में छात्रा को घसीटे जाने के निशान हैं।

छात्रा की हत्या की आशंका पर फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। गांव के एक युवक को भी हिरासत में लिया गया है। युवक के पास छात्रा की स्कूटी मिली है। युवक से छात्रा का अफेयर होना बताया गया है। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बतौली हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा बारहवीं की छात्रा (17 वर्ष) रविवार को मानपुर में अपने घर में थी। गांव में शाम को कृष्ण जन्माष्ठमी के पूजन के बाद विसर्जन का आयोजन किया गया था। छात्रा शाम को घर से स्कूटी लेकर निकली और वापस नहीं लौटी।

कुएं में मिला शव, अधे कपड़े भी गायब

मंगलवार को पहाड़पारा में स्थित एक किसान के कुएं में ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा और सूचना ग्रामीणों को दी गई। चूंकि लापता छात्रा की परिजन तलाश कर रहे थे, इसलिए परिजनों को भी जानकारी मिली। कपड़ों से उसकी पहचान कर ली गई।

सूचना पर बतौली पुलिस मौके पर पहुंची। अंबिकापुर से एडिशनल एसपी रितेश चौधरी और फारेंसिक एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के आसपास की जांच की गई तो छात्रा की चप्पलें करीब 65 फुट दूर पड़ी मिली। छात्रा के द्वारा पहने गये स्लैक्स भी गायब मिले।

जहां छात्रा की चप्पल मिली है, वहां से खेतों में घसीटे जाने के निशान मिले हैं। इससे आशंका है कि पैरों से पकड़कर छात्रा को घसीटा गया था। पुलिस ने छात्रा के शव को निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

एक संदेही हिरासत में, स्कूटी भी जब्त

पुलिस ने पूछताछ के बाद गांव के ही एक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे छात्रा का अफेयर होना बताया गया है। छात्रा की स्कूटी भी युवक के पास मिली है। युवक ने बताया है कि वह छात्रा से स्कूटी मांगकर ले गया था।

छात्रा के पिता लेक्चरर हैं। वे पहाड़पारा में ही अपना नया घर भी बनवा रहे थे, जहां परिवार के लोगों का आना-जाना लगा रहता था।

हिरासत में लिया गया युवक पहले छात्रा के बड़े पिता का ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। पुलिस मामले में युवक से पूछताछ कर रही है।

Chhattisgarh