कोरबा की रेल सुविधाओं पर सांसद ज्योत्सना महंत ने जीएम को गिनाई समस्या

कोरबा की रेल सुविधाओं पर सांसद ज्योत्सना महंत ने जीएम को गिनाई समस्या

कोरबा (CITY HOT NEWS)///

कोरबा लोकसभा क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रेल यात्री सुविधाओं की मांगों को लेकर सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक को पत्र भेजा है। उन्होंने सभी प्रस्तावों की तकनीकी एवं परिचालनिक व्यवहार्यता का तत्काल परीक्षण कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने और उस पर कार्रवाई शुरू करने की मांग की है।
सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि कोरबा देश के प्रमुख ऊर्जा एवं औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है और रेलवे को यहां से महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद कोरबा से बिलासपुर, रायगढ़ सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए पर्याप्त यात्री रेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। विशेष रूप से दोपहर के समय बिलासपुर से कोरबा आने के लिए नियमित यात्री ट्रेन नहीं होने से यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने रेलवे के समक्ष व्यावहारिक विकल्प रखते हुए कहा कि भोपाल पैसेंजर बिलासपुर में लंबे समय तक खड़ी रहती है। इसके परिचालन समय में आवश्यक समायोजन कर इसे दोपहर करीब 2 बजे बिलासपुर से कोरबा तक चलाने की संभावना पर विचार किया जा सकता है। इसी तरह बिलासपुर–नर्मदा एक्सप्रेस के बिलासपुर में लंबे समय तक खड़े रहने की अवधि का उपयोग करते हुए इसे प्रतिदिन सुबह करीब 9 बजे कोरबा से संचालित करने की संभावना का परीक्षण करने कहा गया है।
सांसद ने कोरबा–रायगढ़ के बीच नियमित यात्री ट्रेन शुरू करने की भी मांग की है। उन्होंने सुझाव दिया है कि सुबह करीब 8:30 बजे कोरबा से रायगढ़ तथा शाम करीब 7 बजे रायगढ़ से कोरबा ट्रेन संचालित की जा सकती है। इससे कोरबा, बालपुर, सरगांव, सक्ती, खरसिया सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
सांसद महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ आने-जाने वाली ऐसी कई ट्रेनें हैं, जिनका परिचालन बिलासपुर में समाप्त हो जाता है। इनमें से उपयुक्त ट्रेनों की पहचान कर उनका कोरबा तक विस्तार किए जाने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाना चाहिए। इसके साथ ही अन्य प्रमुख स्टेशनों की तर्ज पर कोरबा से भी विशेष एवं अतिरिक्त यात्री ट्रेनों के संचालन की योजना बनाने की मांग की गई है।
सांसद ने कहा कि कोरबा की रेल सुविधा का मुद्दा केवल यात्री सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कोरबा के विकास, औद्योगिक गतिविधियों, रोजगार, शिक्षा, व्यापार और आम नागरिकों के दैनिक आवागमन से सीधे जुड़ा हुआ है। कोरबा देश की ऊर्जा और कोयला जरूरतों में महत्वपूर्ण योगदान देता है। ऐसे में यहां की जनता को उसके अनुरूप बेहतर रेल यात्री सुविधाएं मिलना उसका जायज अधिकार है।
उन्होंने रेलवे महाप्रबंधक से मांग की है कि सभी प्रस्तावों का तत्काल तकनीकी एवं परिचालनिक परीक्षण कर स्पष्ट और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए तथा इसकी प्रगति से उनके कार्यालय एवं कोरबा की जनता को अवगत कराया जाए।
सांसद महंत ने स्पष्ट कहा कि कोरबा की रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगों को अब केवल आश्वासन तक सीमित रखने के बजाय समयबद्ध और परिणाममूलक कार्रवाई की आवश्यकता है।

Chhattisgarh