- इजराइल ने बुधवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान पर कई हवाई हमले किए।
तेहरान/तेल अवीव// ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई ने अपने एक मैसेज में कहा कि अमेरिका सुन ले, हम सरेंडर नहीं करेंगे। खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को चेतावनी देते हुए कहा, ‘अगर इजराइल के खिलाफ जंग में अमेरिकी सेना ने दखल दिया, तो अंजाम बुरा होगा।’
खामेनेई का यह मैसेज ईरान की नेशनल टीवी पर प्रेजेंटर ने पढ़ा। खामेनेई ने कहा, ‘जो लोग ईरान का इतिहास जानते हैं, उनको पता है कि ईरानी किसी की धमकियां नहीं सुनता। इजराइल ने बहुत बड़ी गलती की है और उसे इसकी सजा मिलेगी। ईरान थोपी गई शांति या युद्ध को नहीं मानेगा।’
इससे पहले खामेनेई ने मंगलवार देर रात इजराइल के खिलाफ जंग का ऐलान किया था। उन्होंने X पर लिखा- जंग शुरू होती है। हम आतंकी इजराइल को कड़ा जवाब देंगे। उन पर कोई दया नहीं दिखाएंगे। इस ऐलान के बाद ईरान ने इजराइल पर 25 मिसाइलें दागीं।
दरअसल, ट्रम्प ने मंगलवार को खामेनेई से सरेंडर करने की मांग की थी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर लिखा- अनकंडीशनल सरेंडर (बिना शर्त सरेंडर)। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘ईरान के आसमान पर हमारा कब्जा है। हम जानते हैं कि सुप्रीम लीडर कहां छिपा है, लेकिन हम उसे मारेंगे नहीं।’
ईरानी नागरिकों को वॉट्सऐप डिलीट करने का आदेश, अब तक 585 मौतें ईरान ने मंगलवार को नागरिकों को अपने स्मार्टफोन से वॉट्सएप हटाने का आदेश दिया है। सरकार का आरोप है कि मैसेजिंग ऐप के जरिए ईरानी लोगों की जानकारी इजराइल भेजी जा रही है।
हालांकि, वॉट्सएप ने एक बयान में इन दावों को खारिज कर दिया और कहा कि वॉट्सएप एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का इस्तेमाल करता है, जिसका मतलब है कि सर्विस प्रोवाइडर यूजर्स के मैसेज नहीं पढ़ सकता है।
ईरान और इजराइल के बीच 13 जून से संघर्ष जारी है। वॉशिंगटन स्थित एक ह्यूमन राइट्स ग्रुप ने दावा किया है कि ईरान में मौत का आंकड़ा अब 585 हो चुका है। 1,326 लोग घायल हुए हैं।
ईरानी सरकार ने आखिरी बार सोमवार को बताया था कि 224 ईरानी मारे गए हैं और 1,277 घायल हैं। ईरान के जवाबी हमले में कम से कम 24 इजराइली नागरिक मारे गए हैं।
इजराइल-ईरान संघर्ष के 5 फुटेज…

ईरान ने मंगलवार दोपहर बाद इजराइल की राजधानी तेल अवीव के हर्जीलिया टाउन में स्थित खुफिया एजेंसी मोसाद के हेडक्वार्टर पर अटैक किया।

तेल अवीव के उत्तरी इलाके में ईरानी हमले के बाद के फुजेट।

इजराइल के ब्रेई ब्राक में एयर स्ट्राइक के बाद कई इमारतें मलबे में बदल गईं।

ईरान की राजधानी तेहरान पर इजराइली हमले के बाद एक तेल रिफाइनरी से धुआं निकलता हुआ।

इजराइली हमले में अपने लोगों के मारे जाने पर शोक मनाती ईरानी महिलाएं
ईरान में फिर इंटरनेट सर्विस डाउन
ईरान में बुधवार को फिर से इंटरनेट सर्विस डाउन हो गई। न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, बुधवार शाम से ईरान में इंटरनेट सेवा ठप हो गई है। ईरानी अधिकारियों की तरफ से इस पर कोई जवाब नहीं आया है।
इससे पहले मंगलवार को भी इजराइल के साथ युद्ध के बीच ईरान ने इंटरनेट बंद कर दिया था। लोग वीपीएन जैसी इंटरनेट सेवाएं और व्हाट्सएप जैसे मैसेजिंग ऐप के इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे। गूगल प्ले और एप्पल ऐप स्टोर सर्विस भी रोक दी गई थी।


