जांजगीर-चांपा// छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में प्रोफेसर के अपहरण और लूट का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) जवान ने वारदात को अंजाम दिया। CAF जवान करन दिनकर की दंतेवाड़ा में ड्यूटी लगी थी, लेकिन वह 1 साल से काम पर नहीं गया। लोगों से उधारी लेकर जीवन यापन कर रहा था।

CAF जवान 4 साथियों संग मिलकर प्रोफेसर का न्यूड-वीडियो बनाया। 25 लाख की मांग की। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
करन पर जब उधारी बढ़ने लगी तब उसने बोरसी स्कूल के टीचर कार्तिकेश्वर रात्रे और 3 अन्य युवकों संग मिलकर प्रोफेसर की किडनैपिंग की साजिश रची। मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है।
खरौद के लक्ष्मणेश्वर महाविद्यालय से प्रोफेसर जब पढ़ाकर लौट रहे थे तब उन्हें किडनैप कर लिया और सुनसान जगह ले गए। आरोपियों ने प्रोफेसर को डराया धमकाया और उनके कपड़े उतरवाकर न्यूड वीडियो बना लिया। इस वीडियो को वायरल कर देने की धमकी देते हुए 14 लाख रुपए का चेक ले लिया।
अगले दिन दोनों आरोपी पैसे निकालने प्रोफेसर को बैंक ले गए। इसी दौरान प्रोफेसर ने हिम्मत दिखाते हुए हंगामा कर दिया। आरोपी डर के कारण प्रोफेसर को छोड़कर भाग गए। प्रोफेसर की शिकायत पर पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

CAF का जवान करन दिनकर, जिसने प्रोफेसर के किडनैपिंग की साजिश रची थी।
अब जानिए पूरा मामला
घटना 28 नवंबर की है। खरौद के लक्ष्मणेश्वर महाविद्यालय के प्रोफेसर ने 1 दिसंबर को शिवरीनारायण थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वे कॉलेज की पढ़ाई कर वापस बाइक से घर लौट रहे थे। तभी सुनसान जगह में कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके पास रखे 2900 रुपए लूट लिए।
लूट के बाद प्रोफेसर को अपनी बाइक में बिठाकर पामगढ़ के केसला गांव की खदान के पास ले गए। रात भर वहीं रखा, खाना-पीना-कंबल भी दिया। वहां, उससे मारपीट की और 25 लाख रुपए की डिमांड की। पैसे नहीं देने पर सभी लड़कों ने मिलकर उनके कपड़े उतरवाए और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। फिर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
बैंक में किया हंगामा तो भागे आरोपी
अपनी जान और इज्जत बचाने के लिए प्रोफेसर ने अपने खाते में मौजूद 14 लाख रुपए का चेक आरोपियों को दिया। फिर भी आरोपियों ने प्रोफेसर की पीछा नहीं छोड़ा। अगले दिन प्रोफेसर आरोपियों के साथ बैंक गए और चेक के पैसे निकलवाए, लेकिन प्रोफेसर ने पैसे नहीं दिए। बैंक में ही सुरक्षित जगह जाकर विरोध किया और चिल्लाने लगे। हंगामा होता देख आरोपी प्रोफेसर को बैंक में ही छोड़कर भाग गए।
बोरसी स्कूल के टीचर ने की थी प्लानिंग
पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ कि CAF का जवान लंबे समय से ड्यूटी नहीं गया है। लोगों से उधार लेकर अपना जीवन यापन कर रहा था। उधार छुटाने में भी वह हिम्मत हार रहा था। ये बात बोरसी के प्राथमिक स्कूल के शिक्षक कार्तिकेश्वर रात्रे को पता लगी।
टीचर ने प्रोफेसर के सीधेपन को निशाना बनाया और किडनैपिंग की प्लानिंग की। दोनों ब्याज में पैसा देने का काम भी करते थे। शिक्षक कार्तिकेश्वर रात्रे के ससुराल से प्रोफेसर से पहचान हुई थी।

(बाय से दाएं) टीचर कार्तिकेश्वर रात्रे, अरुण मनहर, श्याम सिन्हा और CAF जवान करन दिनकर।
सभी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
SDOP यदुमणि सिदार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पैसा लूटने और किडनैपिंग का मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। सभी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पैसे के लालच में आकर उन्होंने ये वारदात की।
CAF जवान ढाई साल से ड्यूटी पर नहीं गया। उसे पैसों की जरूरत थी। टीचर जिसे पता था कि प्रोफेसर सीधे है, डराने पर पैसे दे देंगे। इसलिए इसी ने पूरी प्लानिंग की। अन्य 3 लोगों को भी घटना में शामिल किया। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका
- करन दिनकर (29 साल), CAF जवान (जिसे पैसे की जरूरत थी)
- कार्तिकेश्वर रात्रे (35 साल), टीचर (जिसने किडनैपिंग और लूट की प्लानिंग की)
- अरुण मनहर (19 साल), जांजगीर-चांपा निवासी (चेक लेने प्रोफेसर के घर गया)
- श्याम जी सिन्हा (24 साल), जांजगीर-चांपा निवासी (वारदात में सहयोगी )
- एक नाबालिग, (कॉलेज में प्रोफेसर के निकलने का इनपुट दिया, रेकी की)

