रायपुर : बस्तर की वादियों में गूंजेगी केन्या और इथोपिया के धावकों के कदमों की धमक

  • अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकने को तैयार ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’

रायपुर(CITY HOT NEWS)//

बस्तर की पावन धरा वैश्विक खेल मानचित्र पर अपनी अमिट छाप छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।  रविवार 22 मार्च को आयोजित होने वाली ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’ केवल एक क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिभाओं और स्थानीय संस्कृति का एक भव्य संगम बनने जा रही है। 

         इस वर्ष के आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता विदेशी धावकों की उत्साहजनक भागीदारी है, जो बस्तर की सड़कों पर अपनी रफ्तार का जलवा बिखेरेंगे। अब तक हुए 5000 से अधिक कुल पंजीकरणों में 68 विदेशी धावकों का शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि बस्तर की यह दौड़ अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी है। विशेष रूप से लंबी दूरी की दौड़ के लिए दुनिया भर में मशहूर इथोपिया के 42 और केन्या के 26 मंझे हुए एथलीट्स की मौजूदगी ने इस मुकाबले को बेहद रोमांचक और चुनौतीपूर्ण बना दिया है।     

         इस महाकुंभ का मुख्य आकर्षण 42 किलोमीटर की ‘फुल मैराथन’ होगी। यह ऐतिहासिक सफर जगदलपुर के लालबाग मैदान से शुरू होकर ‘भारत के नियाग्रा’ कहे जाने वाले विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के तट पर संपन्न होगा। विदेशी और स्थानीय धावक जब बस्तर के पारंपरिक गांवों और नैसर्गिक सौंदर्य के बीच से गुजरेंगे, तो उन्हें यहाँ की समृद्ध विरासत और अदम्य साहस का जीवंत अनुभव होगा। 

        इस इस बस्तर हेरिटेज मैराथन के आयोजन को समावेशी स्वरूप देते हुए आयोजकों ने इसे फुल मैराथन, हाफ मैराथन (21 किमी), 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की श्रेणियों में विभाजित किया है, ताकि पेशेवर एथलीट्स के साथ-साथ फिटनेस प्रेमी और युवा भी इसका हिस्सा बन सकें। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 25 लाख रुपये की विशाल इनामी राशि की घोषणा की गई है, जो विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं के बीच वितरित की जाएगी। प्रतियोगिता की गरिमा को बढ़ाते हुए इसमें ‘ओपन कैटेगरी’ के साथ-साथ विशेष रूप से ‘बस्तर कैटेगरी’ को भी शामिल किया गया है, ताकि स्थानीय धावकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अपनी प्रतिभा निखारने का एक सुनहरा अवसर मिल सके। स्थानीय समुदाय की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बस्तर जिले के सभी धावकों हेतु पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क रखी गई है। बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने विदेशी मेहमानों और अन्य क्षेत्रों के धावकों का स्वागत करते हुए सभी से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइटwww.bastarheritage.runया हेल्पलाइन नंबर +91-92440-79533 के माध्यम से इस ऐतिहासिक दौड़ का हिस्सा बनें। यह मैराथन न केवल खेल भावना को बढ़ावा देगी, बल्कि विश्व पटल पर बस्तर की एक नई, शांतिप्रिय और साहसी छवि को भी मजबूती से प्रस्तुत करेगी।

Chhattisgarh