
दुर्ग जिले में एक सैंडविच बेचने वाले को नशेड़ियों ने बेरहमी से पीटा। हमलावरों ने सैंडविच ठेले को भी पलट दिया।
दुर्ग-भिलाई// छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक सैंडविच बेचने वाले को नशेड़ियों ने बेरहमी से पीटा। सैंडविच के पैसे मांगने पर उसके प्राइवेट पार्ट्स पर लात मारी। पत्थर से उसका सिर भी फोड़ दिया। खून की उल्टी भी हुई। हमले का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे लाठी, डंडे और मुक्कों से पीटते दिख रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित का नाम शिवशंकर कुर्रे है, जो बेमेतरा जिले के करमतारा गांव का रहने वाला है। शिवशंकर कुर्रे नेहरू नगर में मेड बेकर्स के सामने सैंडविच का स्टॉल लगाता है। हमलावरों ने सैंडविच ठेले को भी पलट दिया। घटना नेहरू नगर पुलिस स्टेशन इलाके में हुई।
वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट हुई है। दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। एक युवक लहूलुहान भी हो गया। चाकूबाजी भी हुई है, लेकिन पुलिस ने अभी तक चाकूबाजी की पुष्टि नहीं की है।
देखिए हंगामे और मारपीट की ये 3 तस्वीरें…

दुर्ग में हमलावरों ने सैंडविच ठेले को भी पलट दिया।

मारपीट के बाद पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज जारी है।

मारपीट के बाद अस्पताल में उल्टी करता हुआ पीड़ित।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, शिवशंकर कुर्रे ने अपनी शिकायत में बताया कि वह नेहरू नगर में किराए के मकान में रहता है और सड़क किनारे सैंडविच और बर्गर का स्टॉल चलाता है। 16 दिसंबर की रात, करीब 9 बजे, मॉडल टाउन, उडिया बस्ती के रहने वाले उदय क्षत्री और हेमंत क्षत्री उसके स्टॉल पर आए।
उदय ने सैंडविच की कीमत पूछी, जिस पर शिवशंकर ने जवाब दिया कि एक प्लेट 40 रुपए की है। सैंडविच खाने के बाद जब शिवशंकर ने पैसे मांगे, तो उदय ने कहा कि वह अगले दिन पैसे देगा। जब शिवशंकर ने उन्हें उधार देने से मना किया, तो नशे में धुत दोनों युवकों ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया।
ये तस्वीरें भी देखिए…

दुर्ग में नशेड़ियों ने सड़क पर उत्पात मचाया। ठेले वाले को जमकर पीटा।

दुकानदार का ठेला पलटा दिया गया। इसके बाद मारपीट की गई।

नेहरू नगर में दोनों पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया।
हाथों, मुक्कों और पत्थरों से हमला किया
शिवशंकर कुर्रे ने बताया कि जब उसने विरोध किया, तो दोनों युवकों ने उस पर हाथों, मुक्कों और पत्थरों से हमला किया, जिससे उसके सिर में चोटें आईं। उसका भाई, बृजमोहन कुर्रे, जो उसे बचाने आया था, उस पर भी हमला किया गया। आरोप है कि उदय ने फिर अपने साथी काशी टांडी और दूसरों को मौके पर बुलाया।
शिवशंकर कुर्रे ने बताया कि सभी आरोपियों ने मिलकर उसे गालियां देना और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। लाठियों और हाथों-मुक्कों से पीटा। हमले में बृजमोहन के सिर, बाएं हाथ और प्राइवेट पार्ट्स के पास गंभीर चोटें आईं। स्टॉल में भी तोड़फोड़ की, जिससे लगभग 25,000 रुपए का नुकसान हुआ।

हमले में एक युवक लहूलुहान हो गया।
पैसा नहीं दिया तो सैंडविच के पलटे से किया वार
वहीं, दूसरे पक्ष से काशी तांडी (25) निवासी उड़िया बस्ती मॉडल टाउन नेहरू नगर ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इसमें बताया है कि, उदय क्षत्री ने उसे फोन कर बताया कि सैंडविच उधारी को लेकर ठेले वाले से झगड़ा हो रहा है।
वह अपने साथी उज्जवल तांडी के साथ मौके पर पहुंचा, जहां शिवशंकर कुर्रे और उसका भाई बृजमोहन उनके साथियों के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। सैंडविच पलटाने के पलटे से मारपीट कर रहे थे। बीच-बचाव करने पर उन पर भी हमला किया गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया और उन्हें थाने लेकर गई।
बीच सड़क पर मचाते रहे उत्पात
वीडियो में दिख रहा है कि, आरोपियों ने दुकानदार के ठेले को भी पलट दिया। सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया और उन्हें थाने लेकर गई। इस दौरान दोनों पक्षों से पुलिस ने पूछताछ की। दोनों पक्षों में मारपीट की बात सामने आई है।
नेहरू नगर पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मेडिकल परीक्षण कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। विवाद को लेकर जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

