SI के मकान में भीषण आग, AC में शॉर्ट सर्किट की आशंका; हजारों का सामान जलकर खाक…

 धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक सब इंस्पेक्टर (SI) के मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भीषण थी कि घर के अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह एसी (AC) में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के रत्नाबांधा इलाके की है।

जानकारी के मुताबिक SI के पद पर कार्यरत रामकृष्ण साहू के मकान में अचानक आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आने से घर में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एसी में शॉर्ट सर्किट आग लगने की वजह हो सकता है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल मकान मालिक की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इस वजह से आग से हुए कुल नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Chhattisgarh