गरियाबंद (छत्तीसगढ़)// गरियाबंद जिले में अकलवारा हायर सेकेंडरी स्कूल का प्रिंसिपल छात्राओं को अश्लील इशारे करता और ब्रेक में उन्हें बुलाकर बैड टच करता था। विरोध करने पर उसने 4 छात्राओं को फेल कर दिया। वहीं, 7 अन्य छात्राओं ने भी उस पर अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया।
छात्राओं के मुताबिक प्रिंसिपल ने उनके मार्कशीट में हेरफेर भी की। जांच में इसकी पुष्टि हुई है। सबूत के साथ DEO को आवेदन देने के बावजूद अनसुना कर दिया गया, जिसके बाद गुस्साए परिजन और छात्र-छात्राओं ने स्कूल में ताला जड़ दिया।

स्कूल में ताला लगाकर पेरेंट्स ने प्रदर्शन किया। प्रिंसिपल को हटाने की मांग।
5 जुलाई को स्कूल में ताला लगा दिया और प्रदर्शन किया।
शाला विकास समिति के अध्यक्ष उदित सेन ने बताया कि इस मामले में पहले ही शिकायत की गई थी। जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच समिति का गठन किया। जांच में आरोप सही पाए गए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मामले में कार्रवाई नहीं होने पर छात्राओं और उनके परिजनों ने आज यानी 5 जुलाई को स्कूल में ताला लगा दिया और प्रदर्शन किया। अभिभावकों का कहना है कि मामला गंभीर है और प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए थी।
प्रिंसिपल के व्यवहार से बाकी स्टूडेंट्स भेदभाव किए- पीड़िता
पीड़ित छात्रा छाया (बदला हुआ नाम) ने कहा कि प्रिंसिपल जीपी वर्मा लड़कियों को गलत तरीके से टच करते हैं और अजीब से इशारे करते हैं। स्कूल की 11 छात्राओं के साथ उन्होंने अनुचित व्यवहार किया। विरोध करने पर मार्कशीट से खिलवाड़ कर दिया। उनके इस व्यवहार पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर हमने स्कूल में ताला लगा दिया।
एक अन्य पीड़िता रिया (बदला हुआ नाम) ने कहा कि प्रिंसिपल जीपी वर्मा के गलत व्यवहार से हम कंफर्टेबल नहीं है। उनके इस व्यवहार के बाद हमारे साथ भेदभाव किया जा रहा है। बायोलॉजी के स्टूडेंट्स हमें अलग कर देते हैं। नए टीचर आने के बाद भेदभाव खत्म होना चाहिए।
स्कूल में ताला लगाने पहुंचे अभिभावक राज कुमार ने कहा कि प्रिंसिपल छात्रा के साथ बहुत दिनों से मनमानी कर रहा है। ब्रेक के समय में उन्हें बुलाकर व्यक्तिगत बात करता है, शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करता है। कई ऐसी बातें हैं जिन्हें छात्रा बता नहीं पाती। हम सबूत के साथ DEO को आवेदन दिया लेकिन उन्होंने अनसुना कर दिया।

स्कूल के बाहर आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ नारे लगाए।
दोबारा जांच के बाद हटाए जाएंगे प्रिंसिपल
स्कूल में ताला लगाने के 4 घंटे बाद तहसीलदार रमेश मेहता ने पहुंचकर BEO की मौजूदगी में ताला खुलवाया। तहसीलदार ने भरोसा दिलाया कि सोमवार तक प्रिंसिपल को हटा दिया जाएगा। अधिकारियों ने परीक्षा परिणाम से जुड़े दस्तावेज और पंजी जब्त कर लिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ए के सारस्वत ने कहा कि तत्काल हमने आज प्रभारी प्राचार्य को हटवा दिया है। पहले हुई जांच में प्राचार्य ने सहयोग नहीं किया। दोबारा जांच की जा रही है। सोमवार तक रिपोर्ट कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
टीचर ने की छात्र से छेड़छाड़, स्कूल की मान्यता रद्द:बलौदाबाजार में शाश्वत लिटिल स्टार स्कूल पर कार्रवाई, 4 अन्य स्कूलों को नोटिस जारी

बलौदाबाजार//बलौदाबाजार में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में कलेक्टर दीपक सोनी ने कड़ी कार्रवाई की है। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर शाश्वत लिटिल स्टार सुहेला स्कूल की मान्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है।
जांच समिति ने 9 जून 2025 को स्व. डी.आर. वर्मा स्मृति शिक्षण संस्थान झीपन द्वारा संचालित पांच स्कूलों का निरीक्षण किया। इनमें शांति देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुहेला, शांति देवी लिटिल स्टार स्कूल सुहेला, शांति देवी स्कूल रावन, शांति देवी स्कूल दतान और शाश्वत लिटिल स्टार शामिल हैं।
शांति देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुहेला में आरोपी शैलेष वर्मा पर स्कूल परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। संचालक और प्राचार्य को एक हफ्ते के अंदर स्कूल परिसर से बाहर आवास स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही 15 दिनों में प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति करने को कहा गया है।

स्कूल पर कार्रवाई के खिलाफ साहू समाज ने प्रदर्शन किया था।
3 स्कूलों मानकों में कमी के कारण नोटिस जारी
अन्य तीन स्कूलों – शांति देवी लिटिल स्टार स्कूल सुहेला, शांति देवी स्कूल रावन और शांति देवी स्कूल दतान को मानकों में कमी के कारण नोटिस जारी किया गया है। निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत इन स्कूलों को आवश्यक मानदंड पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
यदि स्कूल प्रबंधन निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं करता है, तो इन स्कूलों की मान्यता भी रद्द की जा सकती है।


