बिलासपुर// छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बदमाश लड़कों ने दो युवकों की जमकर पिटाई कर दी। बुधवार (17 दिसंबर) रात शराब दुकान के पास बदमाश उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूसे चलाते रहे। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है।

इसमें बदमाशों ने युवक को उठाकर बार-बार सड़क पर पटका। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पांच हमलावर युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है।

बदमाशों ने युवक को पैर से सिर में बार-बार मारा।
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर विवाद
तालापारा निवासी अजय चौहान (22) अपने दोस्त करण बचकानी के साथ शराब लेने के लिए पुराना बस स्टैंड स्थित शराब दुकान गया था। इस दौरान राहुल बंजारे वहां पहुंचा। उसने शराब पीने के लिए करण से पैसे मांगे।
जिसके बाद राहुल के दोस्त अरमान अली, मनोहर विश्वकर्मा, धर्मेंद्र बंजारे और रितेश सोनकर भी आ गए। फिर पैसे मांगने लगे। करण ने उन्हें पैसे देने से मना किया, तब उन्होंने मिलकर झगड़ा शुरू कर दिया।

पुलिस के डंडे पड़ने के बाद लंगड़ाकर चलने लगा आरोपी।
लात-घूंसों से करते रहे पिटाई, 1 युवक गंभीर
इस दौरान युवकों ने गाली-गलौज करते हुए करण की पिटाई कर दी। अजय चौहान बीच-बचाव करने आया, तब उन्होंने उसके साथ भी मारपीट की। बदमाश युवकों ने करण को घेर लिया और दौड़ा-दौड़ाकर उसकी पिटाई करते रहे।
इस दौरान उन्होंने जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसे चलाने लगे। इस हमले में करण बुरी तरह से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस पहुंची तो भाग निकले बदमाश
शराब दुकान के सामने मारपीट की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं, पुलिस को देखकर हमलावर युवक भाग निकले। पुलिस ने अजय चौहान की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। रात में पुलिस ने बदमाशों को पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस ने उनकी जमकर खातिरदारी की।

उसी रात पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बदमाशों को पुलिस ने सिखाया सबक
देर रात आरोपियों के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उन्हें सबक सिखाया। गुंडागर्दी करने वाले बदमाशों की जमकर पिटाई की गई। जिस पर युवक कहने लगे पुलिस हमारी बाप है। इस दौरान युवक लंगड़ाते भी नजर आए। हालांकि, युवकों ने दौड़ते हुए गिरने पर चोंट लगने की बात कही है।
मारपीट का वीडियो आया सामने
शराब दुकान के पास मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश युवक मिलकर दो युवकों के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं। एक युवक को जमीन पर पटक कर उसके सिर में लात-घूंसे चला रहे हैं। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- राहुल बंजारे (20), निवासी रेलवे स्टेशन क्षेत्र, बिलासपुर।
- धर्मेन्द्र कुमार बंजारे (30), निवासी नवागांव, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर।
- रितेश सोनकर (19), निवासी बुधवारी बाजार, थाना तोरवा, बिलासपुर।
- मनोहर विश्वकर्मा (31), निवासी गणेश नगर, चुचुहियापारा, बिलासपुर।
- अरमान अली (20), निवासी गणेश नगर, चुचुहियापारा, बिलासपुर।

