शराब के नशे में धुत्त पति ने मामूली विवाद के बाद पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर कर दी हत्या, आरोपी पति को गिरफ्तार

सरगुजा// सरगुजा में शराब के नशे में पति ने मामूली विवाद के बाद पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति घर में सो गया। सुबह महिला की हत्या की जानकारी परिजनों को मिली तो सूचना थाने में दी गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पूटा निवासी इंजोर साय मझवार सोमवार की रात शराब पीकर घर पहुंचा और पत्नी नईहारो मझवार (40) से विवाद करने लगा। रात करीब 12 बजे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया तो पति ने डंडे से पत्नी की बेदम पिटाई कर दी। पत्नी बेहोश हो गई तो पति आराम से सो गया।

परिजनों से पूछताछ करती पुलिस टीम।

परिजनों से पूछताछ करती पुलिस टीम।

सुबह पत्नी ने तोड़ा दम

मारपीट में गंभीर रूप से घायल नईहारो बाई की मौत हो गई। सुबह परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद सूचना उदयपुर थाने को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

आरोपी कर चुका है सुसाइड की कोशिश

परिजनों ने बताया कि इंजोर साय शराब पीने का आदी था और नशे में वह अक्सर अपनी पत्नी और बच्चों से मारपीट करता था। पहले आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का भी प्रयास किया था। उनके दो बेटियां और एक बेटा है।

बड़ी बेटी का विवाह हो चुका है। घटना के दिन छोटी बेटी पूनम छेरता मनाने ग्राम जीवलिया गई थी। जबकि बेटा अनिल अपने रिश्तेदार के घर सोने गया था।

आरोपी पुलिस हिरासत में

इस मामले में उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Chhattisgarh