दुकान बंद कर घर लौट रहे सर्राफा व्यापारी पर 3 नकाबपोशों ने किया हमला…शोर मचाया तो भाग निकले नकाबपोश

कोरिया// कोरिया जिले के चरचा में सर्राफा व्यापारी से लूट की कोशिश हुई है। व्यवसायी कोच्चि मंडल रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी 3 नकाबपोशों ने हमला कर दिया। अचानक हमला कर युवकों ने उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान व्यापारी के हाथ में रखा जेवरात का बैग नाली में गिर गया।

व्यापारी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग उसे बचाने के लिए दौड़े। हमले में व्यवसायी को चोटें आई हैं। घटना चरचा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, लूट के इरादे से ये हमला हुआ है, इससे पहले रेकी भी की गई थी। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।

मौके पर पूछताछ करती पुलिस टीम

मौके पर पूछताछ करती पुलिस टीम

पहले डंडे से हमला किया फिर मारे

जानकारी के मुताबिक, चरचा के सर्राफा व्यवसायी कोच्चि मंडल की चरचा कालोनी में जोया ज्वेलर्स नाम से सर्राफा की दुकान है। रोज की तरह मंगलवार (14 अक्टूबर) रात साढ़े 9 बजे उन्होंने दुकान बंद की और बाइक से वे कालोनी में स्थित अपने घर जा रहे थे।

वे बाइक से कुछ दूर पहुंचे थे, तभी एक घर की आड़ में छिपे तीन नकाबपोश अचानक सामने आ गए और कोच्चि मंडल पर डंडों से हमला कर दिया एवं उनकी पिटाई कर दी।

शोर मचाया तो भाग निकले नकाबपोश

हमलावरों के हमले में कोच्चि मंडल का बाइक गिर गया। उनके पास रखा ज्वेलरी से भरा बैग नाली में गिर गया और उसके ऊपर बाइक भी गिर गई। घबराकर कोच्चि मंडल ने शोर मचाया तो आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए। इससे घबराकर हमलावर पैदल ही भाग निकले।

मारपीट में कोच्चि मंडल के हाथ, सिर एवं अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर तत्काल मौके पर चरचा पुलिस पहुंची और कोच्चि मंडल से पूछताछ की। आरोपियों को सुराग नहीं मिला है।

लूट के इरादे से हमले की आशंका

माना जा रहा है कि हमला लूट के इरादे से किया गया था। कोच्चि मंडल दुकान बंद करने के दौरान ज्वेलरी बैग में रखकर घर ले जाते थे। दूसरे दिन दुकान खोलने के लिए साथ में बैग लेकर आते थे। संभवतः हमलावरों ने रेकी कर लूट की योजना बनाई थी।

चरचा थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने कहा कि अभी हमलावरों की नीयत पता नहीं चल सका है। उनकी खोजबीन की जा रही है। हमले के दौरान ज्वेलरी का बैग नाली में गिर गया था और उसपर बाइक गिर गई थी। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे हमलाकर भाग निकले। संदेहियों से मामले में पूछताछ की जा रही है।

Chhattisgarh