रायपुर// रायपुर में देर रात शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।

मृतक की पहचान भनपुरी निवासी आदित्य कुर्रे (21) के रूप में हुई है। वहीं, काशीराम नगर में रहने वाला दोस्त अभय सारथी (20) गंभीर रूप से घायल है। आदित्य अपने ही दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। बाद में उनमें वर्चस्व को लेकर विवाद हुआ।
इसी विवाद में पांच दोस्तों ने घेरकर आदित्य पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। इस पूरे घटनाक्रम का CCTV फुटेज भी सामने आया है। सभी आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।
देखिए पहले ये तस्वीरें…

गली में सभी दोस्त आग जलाकर शराब पी रहे थे।

दौड़ा-दौड़ाकर आरोपियों ने चाकू मारा। वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।

वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से भागने के दौरान सीसीटीवी में कैद हो गए।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, श्याम नगर इलाके में रविवार रात 10 बजे आदित्य अपने दोस्त अभय के साथ लोकेश विश्वकर्मा, रजत दौडिया, अनुज यादव, आकाश विश्वकर्मा, दिव्यांश ध्रुव से मिलने पहुंचा था। सभी ने साथ बैठकर शराब पी।
इस बीच उनमें पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। जो वर्चस्व की लड़ाई तक जा पहुंचा। हाथापाई हुई तो लोकेश, रजत, आकाश, दिव्यांश ने आदित्य और अभय पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद भागे आरोपी
जबकि अभय घायल अवस्था में पड़ा रहा। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। चाकूबाजी के बाद स्थानीय लोग गली में पहुंचे तो गली लहूलुहान दिखी। अभय भी खून से लथपथ पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी।
घटनास्थल पर चप्पल, सिगरेट के पैकेट मिले
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचा। जहां उसका इलाज जारी है। घटनास्थल पर पुलिस को चप्पल, सिगरेट के पैकेट और संघर्ष के निशान मिले है। पुलिस ने लोकेश, रजत, अनुज, आकाश को गिरफ्तार किया है। जबकि दिव्यांश फरार है। सभी आरोपियों की उम्र करीब 25 वर्ष से कम बताई जा रही है।
फरार आरोपी तलाश जारी- पुलिस
इस मामले में तेलीबांधा पुलिस ने बताया कि चाकूबाजी में एक युवक की मौत हुई है। दूसरा युवक घायल हुआ है। तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से चार आरोपियों को पकड़ा है। वारदात में शामिल एक आरोपी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।

