अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई तेज रफ्तार पिकअप….हादसे में पिकअप सवार दो लोगों की मौत, 9 गंभीर रूप से घायल…बच्चों समेत करीब 20 लोग थे सवार…

बलरामपुर // बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी क्षेत्र में सोमवार सुबह करौंधा से करीब एक किलोमीटर दूर पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 17 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें शुरुआती इलाजे के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन क्रमांक CG 15 DP 2749 सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे देवरी से प्रेमनगर के काली मिट्टी लेने जा रहा था। करौंधा से करीब एक किलोमीटर दूर अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

बच्चों समेत करीब 20 लोग थे सवार

बताया जा रहा है कि, हादसे के समय पिकअप में बच्चों समेत करीब 20 लोग सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी ले जाया गया।

दो महिलाओं की मौत, 9 गंभीर घायलों को अंबिकापुर रेफर

हादसे में सूरजमणि पति बालेश्वर और किरण पति कपिल की मौत हो गई। दोनों देवरी, थाना करौंधा की रहने वाली थीं। कुसमी अस्पताल में इलाज के बाद 9 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज कुसमी अस्पताल में जारी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह पिकअप का ब्रेक फेल होना बताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।

Chhattisgarh