पत्नी और बच्चों से मिलने पहुंचे सरकारी शिक्षक के साथ पत्नी और सास ने की मारपीट…पत्नी ने दूसरी शादी करने की बात कहते हुए मांगा तलाक…

बिलासपुर// बिलासपुर में पत्नी और बच्चों से मिलने पहुंचे सरकारी शिक्षक के साथ उसकी पत्नी और सास ने मारपीट की। शिक्षक का आरोप है कि पत्नी ने दूसरी शादी करने की बात कहते हुए तलाक मांगा। मना करने पर पत्नी और सास ने हाथ-मुक्का और लात से उसकी पिटाई की।

सिरगिट्टी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। - Dainik Bhaskar

सिरगिट्टी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इतना ही नहीं, रेलवे पुलिस में पदस्थ होने की बात कहते हुए पत्नी ने उसे रेलवे ट्रैक पर लेटाकर जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है।

सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र के ग्राम तेन्दुमुड़ी छिपिया निवासी किशन कुमार दिव्य शिक्षक हैं। वे वर्तमान में महगई में किराये के कमरे में रहते हैं और ग्राम पथरी में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उनकी पत्नी शकुन्तला बंजारे आरक्षक हैं और जीआरपी में पदस्थ हैं। वह बच्चों के साथ बिलासपुर में रहती हैं।

तलाक मांगा, मना करने पर शुरू हुआ विवाद

किशन ने पुलिस को बताया कि 26 सितंबर को वह पत्नी और बच्चों से मिलने बिलासपुर आया था। इस दौरान उसकी सास रोहणी बाई बंजारे भी घर पर थीं। 27 सितंबर की रात करीब 2 बजे पत्नी ने कहा कि वह उसके साथ नहीं रहना चाहती और दूसरी शादी करने वाली है। उसने किशन से तलाक देने को कहा।

किशन ने तलाक देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पत्नी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद सास के साथ मिलकर दोनों ने किशन की हाथ-मुक्का और लात से पिटाई की। पत्नी ने खुद के रेलवे पुलिस में होने की बात कहते हुए उसे रेलवे पटरी पर लेटाने और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी।

पहले भी पत्नी करा चुकी है शिकायत

किशन ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी वह पत्नी से मिलने आया था। उस समय भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, उसने तब शिकायत नहीं की थी। इसके बाद पत्नी ने उसके खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस बार किशन ने अपने पिता को घटना की जानकारी दी और सिरगिट्टी थाने में शिकायत की।

Chhattisgarh