- बालोद जिला अस्पताल में निःशुल्क ऑपरेशन, दो दिन बाद वॉकर के सहारे चलने लगीं
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है। बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड की निवासी श्रीमती जमुना बाई के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना राहत का सहारा बनी। लंबे समय से घुटने के गंभीर दर्द से परेशान जमुना बाई का बालोद जिला अस्पताल में निःशुल्क ऑपरेशन हुआ। ऑपरेशन के दो दिन बाद ही उन्होंने वॉकर के सहारे चलना शुरू कर दिया।
घुटने के दर्द के कारण श्रीमती जमुना बाई को उठने-बैठने, चलने-फिरने और घर के सामान्य काम करने में कठिनाई होती थी। परिवार के लिए निजी अस्पताल में उपचार का खर्च उठाना भी मुश्किल था। परेशानी बढ़ने पर वे जिला अस्पताल बालोद पहुंचीं। चिकित्सकों ने जांच, एक्स-रे और आवश्यक परीक्षणों के बाद ऑपरेशन की सलाह दी। उपचार की प्रक्रिया समझने के बाद परिजनों की सहमति से उनका ऑपरेशन किया गया।
आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क उपचार मिलने से परिवार को आर्थिक राहत मिली। ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने श्रीमती जमुना बाई की देखभाल की। जब उन्होंने वॉकर के सहारे फिर कदम बढ़ाए, तो उनके चेहरे पर खुशी थी और परिवार को उनके स्वास्थ्य में सुधार की नई उम्मीद मिली।
श्रीमती जमुना बाई ने कहा कि आयुष्मान योजना ने आर्थिक कठिनाई के समय उन्हें उपचार का सहारा दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया तथा जिला अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को धन्यवाद दिया। उनकी कहानी दिखाती है कि समय पर उपचार और योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवार के जीवन में कितनी बड़ी राहत ला सकता है।

