बिलासपुर// छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बीच सड़क एक युवती को पीटने वाली 3 लड़कियों ने माफी मांगी। थाने में तीनों युवतियों से कान पकड़कर उठक-बैठक कराई गई। पुलिस ने उन्हें दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की हिदायत दी।
दरअसल, पुरानी रंजिश को लेकर तीनों ने एक युवती को लात-घूंसों से पीटा और उसके बाल खींचे थे। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कुदुदंड पुल के पास का है। वायरल वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो कार्रवाई की गई।
देखिए तस्वीरें…

लड़की की लात-घूंसों से जमकर पिटाई की गई।

लड़की का बाल पकड़कर खींचा गया।

थाने में तीनों युवतियों से कान पकड़कर उठक-बैठक कराई गई।
युवतियों की पहचान कर थाने बुलाया गया
पुलिस के मुताबिक, मारपीट की घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान हुई। वीडियो पुलिस तक पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। वीडियो में दिखाई दे रही युवतियों की पहचान कर उन्हें थाने बुलाया गया।
रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार
जिस युवती के साथ मारपीट हुई थी, उसकी भी पहचान कर पुलिस ने उसे थाने बुलाया। पुलिस ने पीड़िता से पूरे मामले को लेकर पूछताछ की। हालांकि, पीड़िता ने किसी तरह की रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया।

झगड़े में शामिल एक लड़की ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मारपीट का स्टेटस लगाकर लिखा था- कैसा लगा।
थाने में कराई उठक-बैठक
पुलिस के मुताबिक, उपासना पारचे, तैयबा परवीन और पूर्वा कौशल के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। तीनों युवतियों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई। थाने में तीनों युवतियों से कान पकड़कर उठक-बैठक कराई गई। पुलिस ने उन्हें दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की हिदायत दी।

