
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में सेवा सेतु पोर्टल आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। पोर्टल के माध्यम से विभिन्न आवश्यक दस्तावेजों के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को कार्यालय आने जाने से राहत मिल रही है।
कोरिया जिले के पोड़ी बचरा तहसील अंतर्गत ग्राम बड़ेसलही निवासी पन्ना लाल की बेटी सविता को छात्रवृत्ति के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। परिवार ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। आवेदन की जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्धारित समय-सीमा में सविता का आय प्रमाण पत्र तैयार कर उपलब्ध करा दिया गया।
समय पर आय प्रमाण पत्र मिलने से सविता की छात्रवृत्ति संबंधी प्रक्रिया आसान हो गई। पन्ना लाल ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना सुविधाजनक रहा और निर्धारित समय में दस्तावेज प्राप्त हो गया। उन्होंने इस सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ शासन एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल माध्यम से नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं मिलना सुशासन और सेवा संकल्प की दिशा में एक सार्थक पहल है।
सेवा सेतु जैसी डिजिटल सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को आवश्यक शासकीय दस्तावेज आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे शासन की सेवाएं लोगों तक सरल और सुगम तरीके से पहुंच रही हैं।

