राजनांदगांव// राजनांदगांव में सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। ठेकेदार की लापरवाही को इसका कारण बताया जा रहा है। यह घटना फरहद चौक पर हुई, जहां नाली बनाते समय 57 साल के माखनलाल हिरवानी की जान चली गई।
सड़क चौड़ीकरण का काम ‘कन्हैया लाल अग्रवाल एंड कंपनी’ कर रही थी। आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। मजदूरों को बिना हेलमेट, बेल्ट या किसी अन्य सुरक्षा उपकरण के काम करना पड़ रहा था।
काम करते समय माखनलाल का संतुलन बिगड़ गया और नाली का स्लैब उन पर गिर गया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।


मजदूर की मौत के बाद भड़के ग्रामीण
हादसे के बाद और पोस्टमार्टम होने पर फरहद गांव के ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने मृतक माखनलाल हिरवानी के शव को फरहद चौक पर सड़क के बीच रखकर प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शनकारी जिला प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। चक्काजाम के कारण स्टेट हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पर बुरा असर पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि नाली और सड़क बनाने के काम में ठेकेदार लापरवाही बरतता है। साथ ही, लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी भी मौके पर निगरानी के लिए नहीं आते हैं।
उनका कहना है कि ठेकेदार को प्रशासन का साथ मिला हुआ है, जिसकी वजह से वह मजदूरों की सुरक्षा और नियमों की अनदेखी कर रहा है।

चक्काजाम के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना और चक्काजाम की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार प्यारेलाल नाग ने बताया कि नाली में पानी भरा होने और अव्यवस्था के कारण यह हादसा हुआ।
प्रशासन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि सरकार के नियमों के हिसाब से जल्द ही आर्थिक मदद दी जाएगी।

