- 17 सितंबर को सूरजपुर में 4 लाख 11 हजार 111 दीपों से जगमगाएगा सेवा और संकल्प का संदेश
- विशिष्ट अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े करेंगी जिला स्तरीय आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में सहभागिता
- 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा, जागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़ी होंगी विविध गतिविधियां
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
सेवा, सहभागिता और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। सूरजपुर जिले में अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा, जिसमें जिलेभर में 4 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, संकल्प और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम सूरजपुर विकासखंड अंतर्गत रंगमंच में आयोजित होगा, जहां 18111 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शामिल होंगी।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर है।
उन्होंने जिलेवासियों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर अभियान में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक घर से सेवा, सद्भाव और सकारात्मकता का दीप प्रज्ज्वलित होगा, तो यह सामूहिक संकल्प समाज में नई ऊर्जा का संचार करेगा।सूरजपुर के 4 लाख 11 हजार 111 दीप जब एक साथ प्रज्ज्वलित होंगे, तो यह सामूहिक जनभागीदारी और सेवा भावना का प्रेरक संदेश बनेगा।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में जिले में अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान के दौरान सेवा, जनजागरूकता, सामाजिक सरोकार, स्वास्थ्य, सुरक्षा, पर्यावरण और नागरिक दायित्वों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
4 लाख 11 हजार 111 दीपों से जगमगाएगा सूरजपुर
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले ने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत जिले में कुल 4 लाख 11 हजार 111दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इनमें सूरजपुर विकासखंड में 1 लाख 12 हजार, प्रतापपुर में 1 लाख 11 हजार, भैयाथान में 50 हजार, ओड़गी में 50 हजार, रामानुजनगर में 45 हजार तथा प्रेमनगर में 25 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
अभियान में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही, स्व-सहायता समूह की महिलाएं सहित आम नागरिक अपने घरों में दीप जलाकर सहभागी बनेंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में 18111 हजार दीपों का सामूहिक प्रज्ज्वलन सेवा संकल्प और जनभागीदारी का संदेश देगा।
एक माह तक चलेंगी सेवा और जनजागरूकता की गतिविधियां
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें विगत 25 वर्षों में हुए बदलाव और उपलब्धियों पर आधारित सफलता की कहानियां, सड़क सुरक्षा सप्ताह, बाइक रैली, रक्तदान शिविर, नशामुक्ति अभियान, मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, स्कूली बच्चों के भाषण, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताएं, पौधरोपण और स्वच्छता जागरूकता अभियान सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।
इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, बच्चों, स्व-सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को जोड़ते हुए सेवा एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए इसे समाजहित में निरंतर सक्रिय सहभागिता के रूप में विकसित करना है।

