रायपुर : बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह 18 एवं 19 सितम्बर को होगा जांजगीर में आयोजन

  • दो दिवसीय समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद परिवारों का होगा सम्मान
  • विधिक संगोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कृषि एवं नवीन तकनीकों पर होंगे व्याख्यान

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की स्मृति में 18 एवं 19 सितम्बर 2026 को जांजगीर में दो दिवसीय स्मृति समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह का आयोजन सीमार्ट परिसर, कचहरी चौक जांजगीर तथा कृषि विज्ञान केन्द्र जर्वे में किया जाएगा। समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद परिवारों का सम्मान, विधिक संगोष्ठी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन से संबंधित गतिविधियां आयोजित होंगी।

समारोह का शुभारंभ 18 सितम्बर को सीमार्ट परिसर जांजगीर में होगा। दोपहर 12 बजे प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। दोपहर 12.30 बजे समारोह का शुभारंभ होगा तथा दोपहर 1 बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद मंचीय एवं प्रतिभा कार्यक्रम, स्थानीय कलाकारों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। शाम 5 बजे विधिक संगोष्ठी तथा शाम 6 बजे छत्तीसगढ़ी लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

समारोह के दूसरे दिन 19 सितम्बर को कृषि विज्ञान केन्द्र जर्वे में कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित होंगे। सुबह 11 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद उद्यानिकी फसलों, दलहन-तिलहन एवं मशरूम उत्पादन तथा ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर वैकल्पिक फसलों से संबंधित विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

कार्यक्रम में दोपहर 3 बजे पशुपालन विभाग तथा 3.30 बजे मत्स्य विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। शाम 4 बजे नवीन कृषि तकनीक एवं उपकरणों का अवलोकन कराया जाएगा। इस दौरान किसानों को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उपलब्ध योजनाओं, तकनीकों और संभावनाओं की जानकारी मिलेगी।

समारोह के मुख्य अतिथि जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े होंगी। विशिष्ट अतिथियों में विधायक जांजगीर-चांपा श्री ब्यास कश्यप, विधायक अकलतरा श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह, विधायक पामगढ़ श्रीमती शेषराज हरबंश, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल तथा नगर पालिका परिषद चांपा के अध्यक्ष श्री प्रदीप नामदेव शामिल होंगे।

दो दिवसीय स्मृति समारोह के माध्यम से बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल के योगदान एवं स्मृतियों को जनमानस तक पहुंचाने के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक, विधिक एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े विषयों पर जनभागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा।

Chhattisgarh