
- अब बिना किसी सहारे के सुगम आवागमन कर सकेंगे
कवर्धा,(CITY HOT NEWS)//
समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत में ग्राम कड़मा, जनपद पंचायत पंडरिया निवासी 80 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग श्री भागवत सिंह मशकोले को मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान की गई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी ने श्री भागवत सिंह मशकोले को मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान किया। इस अवसर पर श्री खिलेश्वर साहू, श्री बाबूलाल एवं श्री बागेश्वर नाथ उपस्थित थे।
श्री भागवत सिंह मशकोले बचपन से ही दिव्यांग हैं। 80 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांगता के कारण उन्हें दैनिक जीवन में आवागमन के दौरान अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। किसी स्थान पर आने-जाने के लिए उन्हें कई बार दूसरों की सहायता पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे उनके रोजमर्रा के कार्य प्रभावित होते थे और स्वतंत्र रूप से आवागमन करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में मोटराइज्ड ट्रायसायकल मिलना उनके लिए केवल एक सहायक उपकरण प्राप्त होना नहीं, बल्कि आवागमन की सुविधा के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मोटराइज्ड ट्रायसायकल मिलने के बाद अब श्री भागवत सिंह स्वयं अधिक सुगमता और स्वतंत्रता के साथ आवागमन कर सकेंगे। उन्हें किसी दूसरे व्यक्ति के सहारे की आवश्यकता कम होगी। इससे उनके दैनिक जीवन में गतिशीलता बढ़ेगी और वे अपने आवश्यक कार्यों के लिए स्वयं आने-जाने में सक्षम होंगे। श्री भागवत सिंह के लिए यह मोटराइज्ड ट्रायसायकल उनके जीवन में नई सुविधा और उम्मीद लेकर आई है। उन्होंने सहायक उपकरण मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए शासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया।
समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक द्वारा श्री भागवत सिंह के आवेदन का पात्रतानुसार त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें मोटराइज्ड ट्रायसायकल उपलब्ध कराई गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि दिव्यांगजन अपने दैनिक जीवन में अधिक स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ सकें।

