पुरानी रंजिश के चलते युवक के सिर पर हेलमेट से हमला कर हत्या करने के मामले में आरोपी को आजीवन कारावास की सजा

धमतरी// गंगरेल मानव वन और शिवा रिसॉर्ट के बीच मिले बीरेंद्र देवांगन के शव के मामले में धमतरी कोर्ट ने आरोपी खुशवंत उर्फ खूबू साहू (37) को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आरोपी पर 500 रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना नहीं देने पर उसे 6 महीने का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।

मामला 3 दिसंबर 2024 का है। सिहावा थाने में पदमपुर निवासी बीरेंद्र देवांगन (55) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसी दिन गंगरेल रोड पर मानव वन के पास एक लावारिस बाइक मिली। जांच में बाइक बीरेंद्र की होने की पुष्टि हुई।

तीन दिन बाद मिला शव

पुलिस गुमशुदा बीरेंद्र की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 6 दिसंबर 2024 को मानव वन और शिवा रिसॉर्ट के बीच एक अज्ञात शव मिला। बाद में शव की पहचान बीरेंद्र देवांगन के रूप में हुई। पोस्टम\र्टम और शव पंचनामा के आधार पर पुलिस को हत्या का संदेह हुआ।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच रूद्री पुलिस और साइबर टीम ने शुरू की। पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के बयानों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान दुर्ग जिले के धनोरा निवासी खुशवंत उर्फ खूबू साहू संदेह के दायरे में आया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते खुशवंत ने बीरेंद्र के सिर पर हेलमेट से वार किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर चालान न्यायालय में पेश किया गया।

परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर उम्रकैद

सत्र प्रकरण क्रमांक 20/2025 और थाना सिविल लाइन रूद्री अपराध क्रमांक 76/2024 में अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय, धमतरी ने 27 अगस्त 2026 को फैसला सुनाया। कोर्ट ने परिस्थितिजन्य साक्ष्य, CCTV फुटेज और गवाहों के बयानों को आधार मानते हुए खुशवंत उर्फ खूबू साहू को हत्या का दोषी माना।

अदालत ने आरोपी को आजीवन कारावास और 500 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड नहीं देने पर 6 माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।

बेहतर जांच के लिए पुलिसकर्मियों को मिलेगा पुरस्कार

धमतरी पुलिस के अनुसार, मामले में उत्कृष्ट विवेचना के लिए तत्कालीन रूद्री थाना प्रभारी उनि. अमित बघेल, उनि. लक्ष्मीकांत शुक्ला और सउनि. घनश्याम वर्मा को पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

Chhattisgarh