सरगुजा// सरगुजा जिले के सीतापुर में ज्वेलरी दुकान संचालक से 1 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने पहले ही करीब 46 लाख रुपए के जेवर बरामद कर लिए थे। इस मामले में अन्य आरोपी अभी फरार हैं। चोरी हुए जेवरों में से करीब आधे सामान की अब तक बरामदगी नहीं हो सकी है।
उठाईगिरी में ओडिशा गिरोह का हाथ
दरअसल, 26 जुलाई को काशी ज्वेलर्स के संचालक अरुण कुमार सोनी से 1 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत के सोने-चांदी के जेवर की उठाईगिरी हुई थी। अज्ञात युवक उनकी स्कूटी से सोने-चांदी के जेवर से भरा बैग निकालकर फरार हो गया था। जांच में पता चला कि इस घटना के पीछे ओडिशा के उठाईगीर गिरोह का हाथ था।

ज्वेलरी दुकान संचालक से हुई थी उठाईगिरी
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, 26 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे सीतापुर में नेशनल हाईवे-43 के किनारे स्थित काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण सोनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने सोने-चांदी के जेवर से भरा बैग अपनी स्कूटी पर लटका दिया था।
इसी दौरान एक चोर स्कूटी से बैग निकालकर फरार हो गया। बैग में 800 ग्राम से ज्यादा सोने और करीब ढाई किलो चांदी के जेवर थे। अरुण सोनी को जब तक बैग चोरी होने का पता चला, तब तक आरोपी वहां से भाग चुका था।
CCTV फुटेज की जांच में पता चला कि वारदात में चार आरोपी शामिल थे। सभी दो बाइकों से ओडिशा की ओर भागे थे। पुलिस ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा में करीब 500 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
अन्य राज्यों की पुलिस की मदद से दो संदिग्धों की पहचान हुई। इनमें चांटी दास, निवासी ग्राम सोर्डा, जिला गंजाम और नागेश्वर राव, निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम, ओडिशा शामिल हैं।

एक आरोपी के घर से जब्त हुई थी 46 लाख की ज्वेलरी
46 लाख के जेवर हुए थे बरामद, आरोपी गिरफ्तार
सरगुजा पुलिस की संयुक्त टीम ने ओडिशा के गंजाम में संदिग्ध चांटी दास के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके घर से 300.92 ग्राम सोना और 1 किलो 168 ग्राम चांदी के जेवर बरामद हुए। बरामद जेवरों की कीमत करीब 46 लाख रुपए बताई गई।
इसके बाद पुलिस फरार आरोपी चांटी दास और नागेश्वर राव की तलाश में जुटी थी। टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इसी दौरान गंजाम जिले से वारदात में शामिल आरोपी दास नागेश्वर (45) को गिरफ्तार कर लिया गया।

उठाईगिरी मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उठाईगीर गिरोह का सदस्य है और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। उसके पास से चोरी के जेवर नहीं मिले। आरोपी ने बताया कि जेवर चांटी दास और गिरोह के अन्य सदस्यों के पास हैं। पुलिस ने उसके पास से 10 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ ओडिशा में 2021 से चोरी, आबकारी एक्ट और लूट के मामले दर्ज हैं। पुलिस उसे अंबिकापुर लेकर आई और कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सरगुजा पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही चोरी हुए बाकी जेवरों को बरामद करने की कोशिश की जा रही है।

