लिव-इन रिलेशन में रह रही युवती के डैम में कूदकर आत्महत्या के मामले में बॉयफ्रेंड के खिलाफ FIR दर्ज…युवक के दूसरी युवती से अवैध संबंध होने की बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर होता था विवाद…

सरगुजा// ,सरगुजा में लिव-इन रिलेशन में रह रही युवती के डैम में कूदकर आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड के खिलाफ FIR दर्ज की है। युवक के दूसरी युवती से अवैध संबंध होने की बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुन्नी की रहने वाली 19 साल की अमृता खेस 26 नवंबर 2025 को बड़ा दमाली में अपने बॉयफ्रेंड संजू मिंज के घर से निकली थी। इसके पांच दिन बाद 1 दिसंबर 2025 को उसका शव बड़ा दमाली के बरनई बांध में मिला।

पुलिस ने शव की पहचान अमृता खेस के रूप में की थी। इसके बाद दरिमा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।

सात महीने बाद दर्ज हुई FIR

पुलिस की जांच में पता चला कि अमृता खेस का बड़ा दमाली के संजू मिंज से अफेयर था। घटना से करीब डेढ़ साल पहले अमृता संजू के घर रहने आ गई थी। परिवार ने भी दोनों के रिश्ते को स्वीकार कर लिया था। दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे और उनका एक बच्चा भी है।

जांच में यह भी सामने आया कि संजू का किसी दूसरी युवती से भी संबंध था। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा। आरोप है कि संजू अपनी लिव-इन पार्टनर अमृता के साथ मारपीट और उसे प्रताड़ित करता था।

26 नवंबर को भी दोनों के बीच विवाद हुआ और संजू ने अमृता के साथ मारपीट की। इसके बाद रात करीब 10 बजे अमृता घर से निकल गई और फिर वापस नहीं लौटी। संजू और उसके परिवार वालों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। पांच दिन बाद उसका शव बरनई बांध में मिला।

दरिमा पुलिस ने अमृता के पिता, रिश्तेदारों और ससुराल पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए। जांच के आधार पर पुलिस ने संजू मिंज के खिलाफ धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Chhattisgarh