
- ’सांसद संतोष पांडेय ने किया ध्वजारोहण, 137 कर्मी सम्मानित’
रायपुर (CITY HOT NEWS)//


जिला मुख्यालय के फतेह सिंह खेल मैदान में 80 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरी गरिमा और हर्षाेल्लास के साथ संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडेय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर स्वतंत्रता की खुशी का इजहार किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन करते हुए सभी से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सुरक्षा बलों और विद्यार्थियों की कुल 10 प्लाटूनों ने अनुशासित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया, जिसका नेतृत्व रक्षित निरीक्षक के. देवराजू ने किया। सीनियर वर्ग की परेड में जिला पुलिस बल (पुरुष) ने प्रथम, आईटीबीपी 40वीं वाहिनी ने द्वितीय और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
’शहीद परिजनों और मीसाबंदियों का सम्मान’
कार्यक्रम के दौरान नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए जवान निकेश यादव के पिता पुरुषोत्तम यादव को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और मीसाबंदी सुभाष सिंह ठाकुर सहित अन्य मीसाबंदी परिवारों का भी विशेष अभिनंदन किया गया।
’उत्कृष्ट कार्य करने वाले 137 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित’
जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस और अन्य प्रशासनिक विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं देने वाले 137 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे प्रशासनिक अमले में उत्साह का माहौल देखा गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्मन ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्लाटूनों और दस्तों को पुरस्कृत किया गया।

