कोरबा// कोरबा पुलिस ने लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 4 अक्टूबर 2025 की रात पंपहाउस इलाके में तीन युवकों ने एक युवक से मारपीट कर उसका मोबाइल और चांदी की चेन लूट ली थी। पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया। यह मामला सीएसईबी चौकी क्षेत्र का मामला है।
घटना रात करीब 9:45 बजे की है। पंप हाउस कॉलोनी निवासी अधिवेश बग्गा (23) पार्सल लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पंपहाउस पानी टंकी मैदान के पास तीन लड़कों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट करने लगे। इसके बाद उनका वीवो मोबाइल और गले में पहनी करीब 22 हजार रुपए की चांदी की चेन छीनकर फरार हो गए।

मोबाइल की कॉल डिटेल से पुलिस लुटेरे तक पहुंची
अधिवेश की शिकायत पर सीएसईबी चौकी में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने उनके मोबाइल नंबर और लूटे गए मोबाइल के IMEI नंबर की कॉल डिटेल साइबर सेल से निकलवाई। कॉल डिटेल की जांच से एक आरोपी की पहचान राम रतन खैरवार के रूप में हुई।
इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर राम रतन खैरवार (21) और राजकली (19) को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने युवक से मारपीट कर मोबाइल और चांदी की चेन लूटना स्वीकार किया।

लूट का मोबाइल बेच दिया, आरोपियों से 300 रुपए और स्कूटी जब्त
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि वारदात में उनका तीसरा साथी प्रेम साहू भी शामिल था। उसने लूटा हुआ मोबाइल कहीं और बेच दिया था। पुलिस ने राम रतन के पास से 200 रुपए और राजकली के पास से 100 रुपए नकद बरामद किए हैं। घटना में इस्तेमाल जुपिटर स्कूटी (CG12BQ7102) भी जब्त की गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 309(6) भी जोड़ दी है।

