रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के हाथों दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण, प्रोजेक्ट वंदन के तहत सेवानिवृत्त कर्मचारियों का होगा सम्मान

  • मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के हाथों दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण, प्रोजेक्ट वंदन के तहत सेवानिवृत्त कर्मचारियों का होगा सम्मान
  • “प्रोजेक्ट सहारा” के तहत कल इंडोर स्टेडियम, रायपुर में दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन
  • मुख्यमंत्री श्री साय होंगे मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित

​रायपुर(CITY HOT NEWS)//

जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा तथा कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में संचालित “प्रोजेक्ट सहारा” के अंतर्गत 3 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर में दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सम्मिलित होंगे।

समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के करीब 1006 दिव्यांगजनों का चयन किया गया है। कार्यक्रम में हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, हियरिंग एड सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियां अधिक सहज होंगी तथा उन्हें शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय जिले में संचालित विभिन्न नवाचारी प्रोजेक्ट्स का अवलोकन भी करेंगे। वे मंच से चयनित दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित करेंगे।

इस अवसर पर जिला प्रशासन की “प्रोजेक्ट वंदन” के तहत गत माह सेवानिवृत्त हुए शासकीय कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक पीपीओ एवं अन्य सेवानिवृत्ति देयकों का वितरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न नवाचारी प्रोजेक्ट्स से जुड़े हितग्राहियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

Chhattisgarh