सुकमा : बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, मिशन शक्ति के तहत विद्यार्थियों को हेल्पलाइन, सुरक्षा और शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी

  • शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा में जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न

 सुकमा,(CITY HOT NEWS)//

कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री शिवदास नेताम के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति (महिला सशक्तिकरण हब) द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महिला एवं बाल संरक्षण, सुरक्षा, अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
   कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, बच्चों से संबंधित शासकीय योजनाओं तथा स्वयं की सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभावों से अवगत कराते हुए इसके सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने बच्चों को किसी भी प्रकार की समस्या अथवा हिंसा की स्थिति में बिना भय के सहायता प्राप्त करने और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने के लिए जागरूक किया।
   कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक सुश्री डालिमा गौर ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध सखी वन स्टॉप सेंटर की विभिन्न सेवाओं एवं सहायता तंत्र की जानकारी दी। वहीं महिला संरक्षण अधिकारी, नवा बिहान श्रीमती प्रमिला सिंह ने बालिकाओं के साथ होने वाली विभिन्न प्रकार की हिंसा से बचाव, सुरक्षा उपायों एवं संरक्षण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी विपरीत परिस्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
   इस अवसर पर शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य श्री सोमरू नेताम, श्री अनिल मेश्राम सहित शिक्षकगण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से श्रीमती प्रमिला सिंह, महिला संरक्षण अधिकारी नवा बिहान, सुश्री डालिमा गौर, केंद्र प्रशासक सखी वन स्टॉप सेंटर एवं सुश्री शांति सेठिया, जिला मिशन समन्वयक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सुरक्षा, जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ ही महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रभावी संदेश दिया गया।

Chhattisgarh