कोरबा// कोरबा जिले के एसईसीएल के बलगी विद्युत सब स्टेशन में देर रात बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। 15 से 20 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद सब स्टेशन में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार ने बताया कि वह शनिवार रात ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 11:10 बजे 15 से 20 बदमाश सब स्टेशन परिसर में घुस आए। उनके हाथों में डंडे, चाकू और लोहे की रॉड थीं। परिसर में घुसते ही उन्होंने बिना कुछ बोले संजय कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

सिर और हाथ में आई गंभीर चोट
हमले में संजय कुमार के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बचाव करने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उनकी पिटाई कर दी। वारदात के बाद उन्होंने अपने सहकर्मियों को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया।
अकेले ड्यूटी करने से सुरक्षा पर सवाल
घायल गार्ड ने बताया कि सब स्टेशन में वह अक्सर अकेले ड्यूटी करते हैं और पहले भी यहां चोरी की कोशिशें हो चुकी हैं। उनका कहना है कि कुछ समय पहले सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवान तैनात किए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें हटा लिया गया। ऐसे में ड्यूटी के दौरान उनकी जान को खतरा बना रहता है। हाल ही में सुराकछार खदान क्षेत्र में भी चोरी की घटना सामने आई थी।

पुलिस जांच में जुटी
बांकी मोंगरा थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

