बलौदाबाजार : ’खाद्य सुरक्षा की टीम करेगी मध्यान्ह भोजन गुणवत्ता की जांच, खामी पर होगी कार्रवाई’

  • ’स्कूलों में विद्यार्थियों की 75 प्रतिशत उपस्थिति पर जोर, न्योता भोज के लिया किया जाएगा प्रोत्साहित’
  • ’जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक संपन्न’

बलौदाबाजार,(CITY HOT NEWS)//

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना अंतर्गत प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं में विद्यार्थियों के लिये बनाए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता जांच अब खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा की जाएगी, खाद्य सैंपल जांच में गुणवत्ता सम्बन्धी कमी पाए जाने पर सम्बधित स्व सहयता समूह को कार्य से पृथक भी किया जाएगा। कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में समीक्षा के दौरान यह निर्णय लिया गया।

कलेक्टर श्री शर्मा ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देशित किया क़ि हर ब्लॉक के स्कूलों के मध्यान्ह भोजन का 15-15 दिन में टीम द्वारा रैण्डम सैंपल लेकर गुणवत्ता जांच कर रिपोर्ट दें। गुणवत्ता और साफ़-साफ सफाई में कमी पाए जाने पार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगामी 15 अगस्त तक 50 स्कूलों का 5 स्टार रेटिंग उपलब्धि हासिल करने के भी निर्देश दिये।  उन्होंने मध्यान्ह भोजन के लिये दैनिक मेंन्यु के अनुसार ही भोजन प्रदाय किये जाने के निर्देश दिये। शालाओं में स्वेच्छिक आधार पर न्योता भोज के आयोजन के लिये विकासखंड शिक्षा अधिकारियो को आवश्यक पहल करने तथा जनप्रतिनिधियों को शामिल करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने शासन के निर्देशानुसार स्कूलों में बच्चों की 75 प्रतिशत उपस्थिति पर जोर देते हुए कहा क़ि बीईओ और बीआरसी कड़ी मॉनिटरिंग करें और बच्चों की शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा क़ि हर माह स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति की समीक्षा करें और जिन स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम होगी उसके प्राचार्य एवं बीईओ को पहले नोटिस दें, उसके बाद भी सुधार नहीं होने पर आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी, वहीं जिन स्कूलों में उपस्थिति बेहतर होगी उनके प्राचार्य,प्रधान पाठक को सम्मानित भी किया जाएगा। आरएसबीवाय  के तहय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य जांच हेतु स्वास्थ्य विभाग से आपसी समन्वय कर माह जुलाई तक के लिये निर्धारित संख्या में स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिये।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी, प्रभारी डीईओ के.एस.मरावी सहित समिति के अन्य सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Chhattisgarh