कोरबा – नगर निगम कोरबा के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने शहर की मूलभूत आवश्यक सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर शिकायत दर्ज कराया है ।
शिकायत पत्र के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने आरोप लगाते हुए कहा है कि जिले की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है, निगम क्षेत्र के रहवासियों को जल आपूर्ति के नाम पर सिर्फ परेशानी दिया जा रहा है । बालको, रूमगरा मार्ग सहित निगम क्षेत्र के अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गये है । बरसात के दिनों में भी अधिकांश जगहों की स्ट्रीट लाईट बंद है, वर्षों से सिटी बस की सेवा से कोरबा के नागरिक वंचित हैं । साफ – सफाई के नाम पर निगम करोड़ों रूपये फूंक दे रहा है । इसके बावजूद बालको, दर्री, कुसमुण्डा उपनगरीय क्षेत्रों सहित कोरबा शहर के अधिकांश वार्डों में कचरों का अंबार लगा है । जगह – जगह गंदगी का ढेर लगा देखने को मिल जावेगा । सफाई के नाम पर देश में 8वें स्थान आने का ढिढोंरा पीटने वालों के वार्ड में ही गंदगी बिखरी पड़ी है ।
नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने बताया कि अभी हाल ही में महापौर ने प्रेस वार्ता के माध्यम से कोरबावासियों को अपने 16 माह के कार्यकाल की जानकारी देते हुए बताया कि निगम के 67 वार्डों में 537 करोड़ के 534 विकास कार्य स्वीकृत किये गये हैं पर महापौर जी ने ये नहीं बताया विकास के कौन – कौन सा काम पूरे हुए हैं । मैडम, कितने के कितने काम हुए ये ना बताओ हमें तो आप ये बतायें क्या – क्या काम हुए हैं । आपने, अपने चुनावी घोषणा में किसी के निधन होने पर उसके दाह संस्कार के लिए नि:शुल्क लकड़ी उपलब्ध कराने की बात कही थी । इस 16 माह में आपने कितने परिवारवालों से अपना वादा निभाया है ये बतायें ।
नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने रूमगड़ा बालको सड़क मार्ग के जर्जर हालत को लेकर बताया कि इस मार्ग का निर्माण बालको प्रबंधन को कराना चाहिए क्योंकि इस मार्ग का सर्वाधिक उपयोग बालको प्रबंधन के द्वारा किया जाता है लेकिन बालको ने इस जिम्मेदारी से अपने आप को अलग कर दिया है और लोग आए दिन सड़क हादसे में अपना जान गवां रहे हैं पता चला है कि इस सड़क का निर्माण खनिज न्यास मद से हाेगा, मैं पूछता हुं खनिज न्यास मद क्यों बालको प्रबंधन मद से क्यों नहीं ?
नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने कहा कि महापौर ने अपने 16 माह के कार्यकाल की उपलब्धियॉं गिनाया है लेकिन धरातल पर सुविधाओं और विकास की गति शुन्य है । निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने बताया कि सत्ता पक्ष के मेरे साथी पार्षद मुझसे कहते हैं कि शहर की आवश्यक मूलभूत सुविधा सड़क, शुद्ध पेयजल, बिजली, साफ सफाई, स्कूल जैसे प्रमुख मुद्दों के साथ – साथ सामुदायिक भवन, सार्वजनिक मंच, तालाब जैसे महत्वपूर्ण मुद्दो पर आपको आवाज उठाना चाहिए ।
इससे आम नागरिकों की परेशानियों का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है । हम चाहते हैं कि निगम प्रशासन शहर की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए जनता के आवश्यकता को समय पर पूरा करें।


