दंतेवाड़ा : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से मिली बड़ी राहत, एक शिकायत पर कई माह से खराब ट्रांसफार्मर हुआ दुरुस्त

दंतेवाड़ा : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से मिली बड़ी राहत, एक शिकायत पर कई माह से खराब ट्रांसफार्मर हुआ दुरुस्त

दंतेवाड़ा,(CITY HOT NEWS)//

शासन की जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की पहल मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद मंच साबित हो रही है। जिले के ग्राम हीरानार के तेलगा पारा वार्ड क्रमांक-3 में रहने वाले ग्रामीणों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिला, जहां कई माह से खराब पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर के कारण लगभग 150 उपभोक्ता बिजली संकट से परेशान थे। ट्रांसफार्मर खराब होने से क्षेत्र में घरेलू कार्य, बच्चों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं। ग्रामीणों ने कई बार समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी।
ग्राम हीरानार निवासी श्री लखन यादव ने सबसे पहले विद्युत वितरण कार्यालय में ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत दर्ज कराई। समस्या का समाधान समय पर नहीं होने पर उन्होंने गूगल के माध्यम से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 की जानकारी प्राप्त की और मई 2026 में अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू की। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर खराब ट्रांसफार्मर का परीक्षण कराया और शीघ्र ही उसकी मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी। 
ट्रांसफार्मर के सुधरने के बाद पूरे क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति शुरू हो गई, जिससे लगभग 150 उपभोक्ताओं को राहत मिली। बिजली बहाल होने से ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या फिर से सामान्य हो गई और लंबे समय से चली आ रही परेशानी समाप्त हो गई। शिकायतकर्ता श्री लखन यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित समाधान होने पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा विद्युत विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था आम नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध और प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बन रही है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शासन और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करते हुए लोगों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित कर रही है। 

Chhattisgarh