बलरामपुर// बलरामपुर जिले में सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद दोनों बाइकों में आग भी लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यह घटना वाड्रफनगर थाना क्षेत्र में बलंगी रोड के चुरैला नाला के पास हुई है।


जानकारी के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलों पर दो-दो लोग सवार थे। आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों बाइकों में आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण वाहनों में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को बचाने का प्रयास किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल वाड्रफनगर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे में मृतकों की पहचान राम सकल, निवासी रघुनाथनगर, और पवन कुमार (26 वर्ष) ग्राम ककनेसा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

