कोरबा : बाईपास रोड में नहर किनारे मिला युवक का शव… शिनाख्त करने का किया जा रहा प्रयास..

कोरबा// कोरबा जिले के इमलीडुग्गू बाईपास रोड स्थित नहर किनारे सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटना स्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की।

शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शव की स्थिति और कपड़ों के आधार पर मृतक की उम्र लगभग 42 वर्ष आंकी जा रही है।

शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा

कोतवाली पुलिस ने आसपास के दुकानदारों, नहर किनारे रहने वाले लोगों और राहगीरों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस टीम मृतक की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा ले रही है, जिसमें शव की तस्वीर जारी कर आम लोगों से पहचान में मदद की अपील की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के शरीर पर फिलहाल किसी बाहरी चोट के निशान स्पष्ट नहीं हैं। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

यह हादसा है या हत्या, फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मृतक के परिजनों का पता लगाने की कोशिशें भी तेज कर रही है।

यदि किसी व्यक्ति को इस शव की पहचान के संबंध में कोई जानकारी है, तो वह तुरंत कोतवाली थाना पुलिस से संपर्क कर सकता है।

Chhattisgarh