रायगढ़// रायगढ़ जिले में प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बताया जा रहा है कि, दोनों एक साथ पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे। लेकिन महिला को शक था कि, उसके प्रेमी का कहीं अफेयर चल रहा है।

रायगढ़ पुलिस ने आरोपी को जशपुर से गिरफ्तार किया है।
जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहता था। दोनों ने एक साथ शराब पी और विवाद होने पर उसे मार डाला। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना पूंजीपथरा थाना इलाके की है।

मृतिका मंगरिता एक्का, जिसकी हत्या हुई है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, 17 जून को मायाराम सालिकराम क्रेशर के पास तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर एक अधेड़ महिला का जला शव मिला था। घटना स्थल पर शव को घसीटने के निशान भी पाए गए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को सुरक्षित रखवाया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
सोशल मीडिया से हुई मृतका की पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की तस्वीरें-वीडियो सोशल मीडिया और स्थानीय औद्योगिक इकाइयों में वायरल किए गए। इसके बाद जशपुर जिले के दो युवक थाने पहुंचे, कपड़ों और बाकी साक्ष्यों के आधार पर शव की पहचान अपनी मां मंगरिता एक्का (60) निवासी ग्राम बोरो, जिला जशपुर के रूप में की।
प्रेमी तक पहुंची पुलिस
मृतका के साथ रहने वाले इमिलीयूस तिग्गा (45) के भी कुछ दिनों से लापता होने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसके बारे में जानकारी जुटाई और जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के लिए आरोपी को पूंजीपथरा थाने लाया गया।

आरोपी को मौके पर ले जाकर घटना की पूरी जानकारी लेते हुए पुलिसकर्मी।
पति-पत्नी की तरह रह रहे थे दोनों
पूछताछ में आरोपी इमिलीयूस तिग्गा ने बताया कि वह पिछले दो साल से एक प्लांट में मजदूरी कर रहा था। करीब 3 महीने पहले उसकी मुलाकात मंगरिता एक्का से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। वे लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे।
शक और विवाद बनी हत्या की वजह
आरोपी ने पुलिस को बताया कि, मंगरिता उस पर दूसरी महिला से संबंध होने का शक करती थी। जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 17 जून को दोनों साथ निकले और रास्ते में महुआ पेड़ के नीचे बैठकर शराब पी। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर कहासुनी बढ़ गई।
साड़ी से गला घोंटकर की हत्या, फिर लगाई आग
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने साड़ी से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद उसने शव को झाड़ियों में छिपा दिया और बाद में पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर शव को दूसरी जगह ले गया।
आरोपी ने शव को क्रेशर डस्ट के ढेर के पास ले जाकर उस पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। जिससे महिला की पहचान न हो सके। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
पुलिस को पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी इमिलीयूस तिग्गा को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
एसएसपी बोले- अपराधियों को नहीं बख्शेंगे
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि, अंधे कत्ल जैसे मामलों में वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण, सोशल मीडिया और मुखबिर तंत्र की मदद से तेजी से जांच की जा रही है। गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

