कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए लोहे के जीआई तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से पति–पत्नी की मौत…

मृतक दंपती की फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

मृतक दंपती की फाइल फोटो।

बिलासपुर// छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में करंट की चपेट में आने से पति–पत्नी की मौत हो गई। कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए लोहे के जीआई तार में प्रवाहित करंट की चपेट में पहले पत्नी आ गई और वह तड़पने लगी। पत्नी को बचाने की कोशिश में पति भी करंट की चपेट में आ गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा की है। जानकारी के मुताबिक सचिन चन्द्राकर (45) अपनी पत्नी रजनी चन्द्राकर (32) के साथ घर पर थे। सुबह रजनी रोजमर्रा के काम निपटाकर आंगन में कपड़े सुखाने गई थी। आंगन में लोहे का जीआई तार लगा हुआ था। जैसे ही उन्होंने गीले कपड़े उस तार पर डाले, वह अचानक करंट की चपेट में आ गई और जोर-जोर से छटपटाने लगी।

बचाने के चक्कर में पति की गई जान

पत्नी की चीख सुनकर सचिन तुरंत बाहर पहुंचे। उन्होंने बिना कुछ सोचे पत्नी को बचाने की कोशिश की। जैसे ही उन्होंने रजनी को पकड़ा, वे भी तेज करंट की चपेट में आ गए। पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए और जमीन पर गिर पड़े। रिश्तेदार और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

आंधी-तूफान से टूटा तार

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। शुरुआती जांच में सामने आया कि पिछले दिन आए तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली का सर्विस वायर टूटकर नीचे गिर गया था। यह तार अनजाने में कपड़े सुखाने वाले जीआई तार के संपर्क में आ गया। मामले की जांच की जा रही है।

Chhattisgarh