होटल से शराब की खाली बोतलें फेंकने के विवाद मे संचालक और पड़ोसी युवक के बीच जमकर मारपीट…होटल मालिक सूरज सिंह (29) को गंदी गालियां और जिंदा जलाने की दी धमकी..संचालक ने भी जड़े 4 थप्पड़..

रायगढ़// छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में व्हाइट रोज होटल के संचालक और पड़ोसी युवक के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके मुताबिक कुशल अग्रवाल (24) जबरन होटल के रिसेप्शन में घुस गया। उसने होटल मालिक सूरज सिंह (29) को पीटा, गंदी गालियां और जिंदा जलाने की धमकी दी।

वहीं, होटल संचालक ने भी युवक को 4 थप्पड़ जड़े। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। कुशल का आरोप है कि होटल से शराब की खाली बोतलें उनके घर की ओर फेंकी जाती हैं। मना करने पर होटल संचालक ने गाली-गलौज की थी। दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने काउंटर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं, मोहल्ले के लोगों ने भी होटल संचालक के खिलाफ SSP को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का आरोप है कि होटल में लड़कियों को बुलाकर गलत गतिविधियां कराई जाती हैं, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा है।

मारपीट की तस्वीरें देखिए…

कुशल अग्रवाल जबरन होटल के रिसेप्शन में घुस गया।

कुशल अग्रवाल जबरन होटल के रिसेप्शन में घुस गया।

होटल संचालक को पकड़कर खूब पीटा।

होटल संचालक को पकड़कर खूब पीटा।

बोतल फेंकने से मना करने पर विवाद

दरअसल, घटना 9 जून की रात की है। कोतरा रोड के रामबाग इलाके में रहने वाले अरुण कुमार अग्रवाल (52) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। उनके घर के पास सूरज सिंह (29) का व्हाइट रोज होटल संचालित होता है।

अरुण का आरोप है कि होटल की ओर से अक्सर उनके घर की तरफ खाली शराब की बोतलें फेंकी जाती थीं। 9 जून की रात करीब 12 बजे भी एक खाली बोतल फेंकी गई। जब उन्होंने इसका विरोध किया और ऐसा करने से मना किया, तो होटल संचालक सूरज सिंह ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

हाथ-मुक्कों से पीटा, FIR दर्ज

शिकायत के अनुसार, इसके बाद सूरज सिंह और उसके मैनेजर ने अरुण कुमार को हाथ-मुक्कों से पीटा, जिससे उनके हाथ में चोट आई है। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने होटल संचालक सूरज सिंह और उसके मैनेजर के खिलाफ मारपीट, गाली देने, धमकी देने के तहत मामला दर्ज किया है।

होटल संचालक ने भी कुशल को 4 थप्पड़ जड़े।

होटल संचालक ने भी कुशल को 4 थप्पड़ जड़े।

होटल संचालक ने भी की शिकायत

वहीं, मामले में अगले दिन होटल संचालक सूरज सिंह ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फटहामुड़ा के रहने वाले सूरज सिंह (29) ने बताया कि वह व्हाइट रोज होटल का संचालक है।

सूरज सिंह के अनुसार, 10 जून की रात करीब साढ़े 12 बजे कोतरा रोड के रामबाग इलाके में रहने वाला कुशल अग्रवाल (35) जबरन होटल के रिसेप्शन में घुस गया। उसने होटल में लड़के-लड़कियों को कमरा देने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की।

जिंदा जलाने की धमकी दी

वायरल हो रहे वीडियो में कुशल अग्रवाल ने होटल संचालक को जिंदा जलाने और जान से मारने की धमकी भी दी है। सूरज सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि मारपीट का शोर-शराबा सुनकर कुशल अग्रवाल के पिता अरुण अग्रवाल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी उसके साथ मारपीट की।

इसके बाद दोनों उसे खींचकर होटल के बाहर ले गए और गाली-गलौज करते हुए उसकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए, जिससे करीब 30 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। मारपीट में सूरज सिंह के गाल और हाथ में भी चोट आई है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुशल अग्रवाल और अरुण अग्रवाल के खिलाफ मारपीट, धमकी देने, अश्लील गाली-गलौज करने और जबरन होटल में घुसने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मोहल्लेवासियों ने SSP से की शिकायत

घटना के बाद 11 जून को मोहल्ले के लोगों ने होटल संचालक के खिलाफ एसएसपी के नाम एक आवेदन दिया और कार्रवाई की मांग की। आवेदन में लोगों ने आरोप लगाया कि होटल संचालक सूरज सिंह बिना अनुमति के होटल चला रहा है। साथ ही होटल में नाबालिग और अन्य लड़कियों को बुलाकर गलत गतिविधियां कराई जाती हैं।

मोहल्लेवासियों का कहना है कि इससे इलाके का माहौल खराब हो रहा है और बच्चों पर भी इसका गलत असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से होटल बंद करने और संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो।

दोनों पक्ष पर काउंटर FIR

कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर दो-दो लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh