युवती ने फोन पर बात करने से मना किया तो सिरफिरे-आशिक ने युवती पर सरेराह चाकू से किया हमला..युवती की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती..

बिलासपुर// बिलासपुर में सिरफिरे आशिक ने युवती पर सरेराह चाकू से हमला कर दिया। युवती ने उससे फोन पर बात करने से मना किया, तब एकतरफा प्यार में पागल युवक ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है।

फाइल इमेज। - Dainik Bhaskar

फाइल इमेज।

दरअसल, टिकारी निवासी किरण निर्मलकर (22) गुपचुप का ठेला लगाकर अपना जीवन यापन करती है। तोरवा निवासी संदीप खरे कुछ महीने पहले उसके ठेले में गया था, तब से उनकी जान-पहचान हो गई। इस बीच संदीप कई बार ठेला गुपचुप खाने के बहाने पहुंचा। फिर वह युवती से बातचीत करने लगा।

फोन काटने से नाराज युवक ने मारा चाकू

सोमवार को संदीप ने किरण को मोबाइल पर कॉल किया था, तो उसने बात करने से इनकार मना कर दिया। जिसके बाद उसने कॉल काट दी। यह बात एकतरफा प्यार में पागल प्रेमी संदीप को इतनी बुरी लगी कि वह शाम करीब 7:30 बजे चाकू लेकर सीधे किरण के गुपचुप ठेले पर पहुंच गया।

युवती की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

वहां पहुंचते ही आरोपी गाली-गलौज करने लगा। युवती के मना करने पर उसने अपने पास रखे चाकू से किरण पर वार कर दिया। हमले में किरण के दोनों हाथ, पेट, गला और गर्दन के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं।

चीख-पुकार सुनकर जब किरण की मां सौवरीन बाई और भाई दीपक बीच-बचाव करने दौड़े, तो आरोपी मौके से फरार हो गया। इस मामले की शिकायत पर मस्तूरी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Chhattisgarh