बेमेतरा// बेमेतरा जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के घोरेघाट गांव में मंगलवार को डबल मर्डर हुआ है। एक युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी भाभी और भतीजी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। मामला दाढ़ी थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार आरोपी हेमलाल आडिल ने किसी पारिवारिक विवाद को लेकर अपनी भाभी कुमारी आडिल (50) और उनकी बेटी शकुंतला आडिल (18) पर बांस के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी हेमलाल आडिल गिरफ्तार।
आरोपी हेमलाल आडिल गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने पर दाढ़ी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमलाल आडिल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
आरोपी का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
एसडीओपी भूषण एक्का ने बताया कि, गांव के कोटवार नंदकुमार राघव ने दो महिलाओं की हत्या की सूचना दी थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले जेल जा चुका है।
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में दाढ़ी थाना प्रभारी राकेश साहू ने बताया कि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
गांव में मातम, कड़ी कार्रवाई की मांग
दोहरे हत्याकांड के बाद घोरेघाट गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

