अम्बिकापुर (CITY HOT NEWS)//
भारतीय रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा सरगुजा द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए वृहद सदस्यता अभियान प्रारंभ करने की प्रक्रिया मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, अम्बिकापुर में की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों को रेडक्रास की मानवीय सेवाओं से जोड़ना है। रेडक्रास सोसायटी आपदा प्रबंधन, रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे विभिन्न जनहितकारी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सदस्यता अभियान के माध्यम से समाज के अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कर इन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाया जाएगा। जिला शाखा सरगुजा ने नागरिकों से अपील की है कि वे रेडक्रास सोसायटी की सदस्यता ग्रहण कर मानव सेवा के इस अभियान में सहभागी बनें तथा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सहायता में अपना योगदान दें। सदस्यता अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं सदस्यता प्रपत्र मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, अम्बिकापुर में उपलब्ध हैं।

