उत्तर बस्तर कांकेर : सौर सुजला योजना ने बदली किसान सुरेन्द्र उईके की तकदीर

सौर सुजला योजना

उत्तर बस्तर कांकेर,(CITY HOT NEWS)//

जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों के किसानों के लिए सौर सुजला योजना वरदान साबित हो रही है। हजारों किसान अपनी खेती में सोलर पंप लगाकर खेतों की सिंचाई कर रहे हैं। सौर ऊर्जा चलित सोलर पंप से किसानों को विद्युत एवं लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिल रही है, साथ ही साथ बिजली कटौती जैसी समस्या और बिजली बिलों से छुटकारा मिल रहा है।
भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम साल्हे निवासी श्री सुरेन्द्र कुमार उईके भी सौर सुजला योजना से लाभान्वित होकर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा प्राप्त वन अधिकार भूमि पर उनके द्वारा 03 हार्स पावर का सोलर पंप स्थापित किया गया है। सोलर पंप स्थापित होने के बाद अपनी टिकरा जमीन को कृषि योग्य बनाया गया, जिससे खेती अच्छी हो रही है। सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने से वह अपने खेतों में खरीफ फसलों के अलावा रबी फसल दलहन-तिलहन के साथ ही मुर्गी पालन, मछली पालन किया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में बेहतर सुधार हुआ है। सोलर पंप का उपयोग उनके द्वारा आजीविकापार्जन के लिए किया जा रहा है। सोलर पंप होने के कारण बिजली की समस्या के साथ-साथ लो-वोल्टेज की समस्या से भी छुटकारा मिल चुका है।
कृषक सुरेन्द्र कुमार उईके ने बताया कि खेती के साथ-साथ अपने बाड़ी में मुर्गी पालन भी शुरू किया है। वर्तमान में उनके पास लगभग 120 से 150 मुर्गे-मुर्गियां हैं। स्थानीय बाजार में 600 रुपये प्रति नग की दर से बेचकर वे प्रति माह लगभग 15 हजार रुपये की अतिरिक्त आय अर्जित कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने सोलर पंप के समीप लगभग 0.75 हेक्टेयर क्षेत्र में तालाब का निर्माण कराया है। सोलर पंप की सहायता से तालाब में पानी भरकर मछली पालन किया जा रहा है। वर्तमान में उन्हें प्रति सप्ताह लगभग 50 किलोग्राम मछली प्राप्त हो रही है, जिसे स्थानीय बाजार में 150 से 250 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचकर लगभग 10 हजार रुपये का लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि सोलर पंप के माध्यम से सिंचाई कर खरीफ फसलों के साथ-साथ रबी फसल, चना, उड़द, मूंग तथा सूरजमुखी का उत्पादन कर बाजार में अच्छे कीमतों पर विक्रय करने से उनकी आमदनी दोगुनी हो रही है। सोलर पंप लगने के बाद उक्त कार्यों से एक वर्ष में लगभग 04 से 05 लाख रूपए की आय प्राप्त हुआ है, इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। 

Chhattisgarh