- 30 स्कूल बसों की जांच, चालक-परिचालकों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण अनुपस्थित स्कूल बस संचालकों को दिया गया नोटिस
गरियाबंद (CITY HOT NEWS)//
विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए माननीय सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के दिशा-निर्देशों एवं छत्तीसगढ़ राजपत्र के अधिसूचना के तहत जिले में स्कूल बसों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। स्कूल बसों के लिए निर्धारित सड़क सुरक्षा प्रोटोकॉल एवं परमिट शर्तों के अनुरूप 15 जून को परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं जिला सेनानी कार्यालय के संयुक्त टीम द्वारा स्कूल बसों की जांच की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में पंजीकृत कुल 75 स्कूल बसों में से 30 बसों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा बस चालकों एवं परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। वहीं जिला सेनानी कार्यालय द्वारा बसों में लगे अग्निशमन यंत्रों के उपयोग एवं आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी गई। परिवहन विभाग द्वारा बसों के सभी आवश्यक दस्तावेजों जैसे प्रदूषण प्रमाण पत्र, कर (टैक्स), बीमा, फिटनेस तथा परमिट दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 45 बसें अनुपस्थित रहने पर स्कूल बसों के संचालकों को नोटिस जारी किया गया गया।

