
- अमलीपदर में 30 महिलाओं को ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन की दी गई जानकारी
- स्थानीय संसाधनों से उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित
गरियाबंद, (CITY HOT NEWS)//
मैनपुर विकासखंड के अमलीपदर क्लस्टर में महिला स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से एमडीए कार्यक्रम आरएएमपी के तहत उद्यमिता एवं बाजार प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एएफसी इंडिया द्वारा किया गया। जिसमें 30 महिला सदस्यों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को व्यवसाय की शुरुआत एवं संचालन, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, ब्रांडिंग, पैकेजिंग तथा बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने संबंधी जानकारियां दी गईं। इसके साथ ही उत्पादों के बेहतर विपणन, ग्राहक नेटवर्क विकसित करने तथा बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक रूप से अपनी पहचान बनाने के तरीकों से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में बिहान की ओर से पीआरपी निधि साहू उपस्थित थी। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसरों, विभिन्न शासकीय योजनाओं तथा व्यवसायिक विकास से जुड़ी उपयोगी जानकारियां दी गईं।
प्रशिक्षण के दौरान अनुराग गौरह ने महिलाओं को स्थानीय संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर उद्यम स्थापित करने, आत्मनिर्भर बनने तथा अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण में महिलाओं ने सहभागिता निभाते हुए उद्यमिता के प्रति उत्साह व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

