
कोरबा// कोरबा जिले की पोड़ी-उपरोड़ा जनपद पंचायत में सोमवार को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच विवाद बढ़ गया। नाराज जनपद सदस्यों ने सामान्य सभा का बहिष्कार कर जनपद कार्यालय में ताला लगा दिया।
जनपद सदस्य सुबह से ही कार्यालय के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत में भ्रष्टाचार हो रहा है और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पारदर्शी नहीं है। सदस्यों का कहना है कि विकास कार्यों, टेंडर और योजनाओं में मनमानी की जा रही है।
सामान्य सभा का बहिष्कार करने के बाद सदस्यों ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इसके कारण जनपद सीईओ, लेखापाल समेत कई अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय के अंदर ही फंस गए। तालाबंदी से पूरे कार्यालय का कामकाज ठप हो गया।

नाराज जनपद सदस्यों ने सामान्य सभा का बहिष्कार किया।
प्रशासन और पुलिस पहुंची मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय हो गया। एसडीएम और तहसीलदार की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे सदस्यों से चर्चा की। हालांकि बातचीत के बाद भी कोई समाधान नहीं निकल सका।
मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारी सदस्यों ने अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्यप्रणाली की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक ताला नहीं खोला जाएगा।
उन्होंने आंदोलन को जिला मुख्यालय तक ले जाने की भी चेतावनी दी है। वहीं, जनपद कार्यालय बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े कार्य और आम लोगों के दैनिक काम प्रभावित हो रहे हैं।

नाराज सदस्यों ने जनपद कार्यालय में ताला लगा दिया।

