कांकेर// कांकेर जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चारामा थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी कैलाश साहू को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 17 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति और सामान बरामद किया है।

ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम उड़कुड़ा निवासी यादेश कुमार साहू (25) ने 12 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कैलाश साहू और उसकी सहयोगी तरुणा निषाद ने पुलिस विभाग और अन्य शासकीय विभागों में अपनी पहुंच होने का दावा करते हुए नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था।

आरोपी ने कई लोगों से नौकरी लगाने के नाम पर धनराशि लेकर ठगी करना स्वीकार किया।
आरक्षक भर्ती में नौकरी लगाने का दिया था झांसा
आरोप है कि वर्ष 2024 की आरक्षक भर्ती के दौरान नौकरी लगवाने के नाम पर प्रार्थी से अलग-अलग किस्तों में 1 लाख 76 हजार 980 रुपये लिए गए। इसके बावजूद न नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई।
कई जिलों के लोगों से ठगी की आशंका
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कांकेर समेत अन्य जिलों के लोगों को भी पुलिस, कलेक्टोरेट, स्वास्थ्य विभाग और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बड़ी रकम वसूली है।
पूछताछ के दौरान आरोपी कैलाश साहू ने कई लोगों से पैसे लेने और ठगी करने की बात स्वीकार की है।
ठगी की रकम से खरीदे सामान और बनाया मकान
पुलिस के अनुसार आरोपी ने ठगी से मिली रकम का उपयोग इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर खरीदने और कांकेर के अलबेलापारा स्थित अपने मकान के निर्माण में किया। आरोपी कांकेर में कार्यालय संचालित कर www.jkscyber.com के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण भी देता था।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
गिरफ्तार आरोपी कैलाश साहू (34), निवासी हटकाचारामा, थाना चारामा, के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी समेत विभिन्न मामलों में अपराध दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ कांकेर और कुरूद थानों में कई मामले दर्ज हैं।
17 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया है। बरामद सामग्री में तीन 43 इंच टीवी, छह कंप्यूटर सेट, मोबाइल फोन, दो सोफा सेट, फ्रिज, टेलीफोन सेट, मॉनिटर, एसी, वॉकी-टॉकी, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर, सोने की अंगूठी, चांदी की चेन सहित अन्य फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।
इन सामानों की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा एग्रो प्लस जैविक खाद के 72 कार्टून, जिनकी कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है, भी बरामद किए गए हैं।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और ठगी के शिकार अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। आशंका है कि जांच में और भी पीड़ितों तथा सहयोगियों के नाम सामने आ सकते हैं।

