युवक ने शादी का झांसा देकर युवती का किया शारीरिक शोषण.. इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी पहचान..गर्भवती हुई तो शादी करने से किया इनकार…आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल

घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया - Dainik Bhaskar

घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

रायगढ़/// छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से रेप किया, जब वह प्रेग्नेंट हो गई तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली 22 साल की युवती की पहचान फरवरी 2025 में इंस्टाग्राम के जरिए से सागर सारथी (25, निवासी ग्राम जिला जशपुर) से हुई थी। बातचीत के दौरान सागर ने खुद को अविवाहित बताया था और तराईमाल स्थित प्लांट में काम करना बताया था।

सागर लगातार युवती को पत्नी बनाकर रखने और शादी करने का आश्वासन देता रहा। 23 जुलाई 2025 को सागर ने युवती को फोन कर तराईमाल बुलाया। वह उसे मजदूर क्वार्टर में ले गया और पत्नी बनाकर रखने का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी लगातार उसे अपने क्वार्टर में पत्नी की तरह रखकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

अगस्त 2025 में जब युवती गर्भवती हो गई, तब आरोपी ने उसका पालन-पोषण नहीं कर पाने की बात कहकर उसे उसके घर धरमजयगढ़ भेज दिया। इसके बाद भी सागर उसके घर आता-जाता रहा और विवाह करने की बात करता रहा, लेकिन जब पीड़िता ने आरोपी से अपने साथ रखने की बात कही, तब आरोपी ने बताया कि उसकी पहली पत्नी गर्भवती है और उसने शादी से इनकार कर दिया।

जान से मारने की धमकी

सागर ने पीड़िता से कहा कि वह अपने परिजनों से कहीं और विवाह करा देने की बात कहे। ऐसा नहीं करने पर आरोपी ने उसे जान से मारकर फेंक देने की धमकी भी दी।

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

धमकी के बाद पीड़िता ने गुरुवार को पूंजीपथरा थाने में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता का बयान दर्ज किया और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी सागर सारथी को सिंघल पावर प्लांट लेबर कॉलोनी, तराईमाल से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने प्रेम संबंध होने और गर्भवती करने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Chhattisgarh