
- खरीफ की तैयारी हुई आसान
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में उठाए जा रहे कदमों का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। खरीफ सीजन से पहले खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदानों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किए जाने से किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से आवश्यक सामग्री आसानी से उपलब्ध हो रही है।
कोरबा जिले के ग्राम विजयपुर निवासी कृषक शैलेंद्र प्रसाद साहू ने सहकारी समिति कटघोरा से अपनी आवश्यकतानुसार बीज, 3 बोरी डीएपी और 6 बोरी यूरिया प्राप्त किया। लगभग साढ़े तीन एकड़ भूमि पर धान की खेती करने वाले श्री साहू ने बताया कि समिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें बिना किसी परेशानी के समय पर खाद-बीज मिल गया, जिससे खरीफ सीजन की तैयारी सुचारु रूप से शुरू हो सकी।
उन्होंने कहा कि पहले किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन इस वर्ष समय पर पर्याप्त भंडारण और सुव्यवस्थित वितरण व्यवस्था से यह समस्या नहीं हुई। इससे किसानों का भरोसा बढ़ा है और खेती के प्रति उत्साह भी बढ़ा है। श्री साहू ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसान हितैषी नीतियों से खेती अब अधिक आसान और सम्मानजनक बन गई है, जिससे बेहतर उत्पादन की उम्मीद जगी है।

